शिवभक्तों के स्वागत में हरिद्वार में पुष्पवर्षा, सीएम धामी ने कांवड़ यात्रियों का पैर धोकर किया सम्मान..
उत्तराखंड: पवित्र कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार में शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत किया और उनके पैर धोकर सम्मान किया। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयकारों के साथ भक्तिमय माहौल देखने को मिला। कांवड़ यात्रा अब अपने अगले चरण में प्रवेश कर रही है। आने वाले दिनों में डाक कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ मेले के प्रमुख पड़ावों में शामिल कनखल स्थित बैरागी कैंप अब डाक कांवड़ यात्रियों की भारी आमद के लिए तैयार है।
पंचक समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में डाक कांवड़िए अपने वाहनों के साथ हरिद्वार पहुंचेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने पार्किंग, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बैरागी कैंप में अगले कुछ दिनों तक हजारों श्रद्धालुओं, वाहनों और अस्थायी बाजारों की रौनक देखने को मिलेगी। प्रशासन का अनुमान है कि जलाभिषेक से पहले यहां डाक कांवड़ यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ेगी।डाक कांवड़ यात्रियों के वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित किया गया है। पुलिस ने बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकासी मार्गों की व्यवस्था को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। योजना के अनुसार लक्सर और जगजीतपुर की ओर से आने वाले डाक कांवड़ वाहनों को बैरागी कैंप में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद निर्धारित मार्गों से उन्हें आगे भेजा जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रहे और आम लोगों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।
अस्थायी बाजार और शिविरों ने पकड़ी रफ्तार
बैरागी कैंप क्षेत्र में अस्थायी दुकानों और शिविरों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की जरूरत को देखते हुए पूजा सामग्री, भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामान की दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं।