UKPSC ने निकाली कर एवं राजस्व निरीक्षक भर्ती, उत्तराखंड में 29 पदों पर होगी नियुक्ति..
उत्तराखंड: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने नई भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केन्द्रीयित) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक के 29 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। आयोग ने बुधवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 अगस्त निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थियों को 12 अगस्त से 21 अगस्त तक ऑनलाइन संशोधन का अवसर भी मिलेगा। भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का नाम आवेदन की अंतिम तिथि तक उत्तराखंड के किसी भी सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत होना जरूरी होगा। आयोग के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
आवेदन शुल्क सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अभ्यर्थियों के लिए 166.36 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 76.36 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 16.36 रुपये तय किया गया है। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि भर्ती परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। परीक्षा के दौरान उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम-2023 के सभी प्रावधान सख्ती से लागू रहेंगे। नकल या किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। कर एवं राजस्व निरीक्षक के पद शहरी निकायों में महत्वपूर्ण माने जाते हैं। ऐसे में स्नातक युवाओं के लिए यह भर्ती सरकारी सेवा में करियर बनाने का अच्छा अवसर है। आयोग ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आवेदन से पहले भर्ती संबंधी सभी पात्रता और नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है।