सिलक्यारा टनल में दर्दनाक हादसा, ड्यूटी के दौरान मजदूर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल..
उत्तराखंड: उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। टनल के भीतर निर्माण कार्य के दौरान ऊपर से गिरे भारी पत्थर की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। जानकारी के अनुसार हादसा 15 जुलाई की रात करीब 12:20 बजे हुआ। उस समय टनल के अंदर नियमित निर्माण कार्य चल रहा था और कई मजदूर अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से एक बड़ा पत्थर टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में एक मजदूर आ गया। पत्थर लगने से उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद टनल में काम कर रहे अन्य मजदूरों और कंपनी के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर को तत्काल बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी गई और कंपनी प्रबंधन की ओर से बिना देरी किए उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगांव ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने घायल मजदूर की हालत बेहद गंभीर पाई। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान झारखंड निवासी मजदूर के रूप में हुई है। फिलहाल उसकी विस्तृत पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों और पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के साथ हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। साथ ही उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया है। हादसे के बाद टनल में कार्यरत अन्य श्रमिकों में भी चिंता का माहौल है। बता दे कि सिलक्यारा टनल परियोजना पहले भी विभिन्न कारणों से चर्चा में रही है। ऐसे में इस ताजा हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेंगी।