गढ़वाल केंद्रीय विवि में UG प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, ये है अंतिम तिथि..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के प्रतिष्ठित हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय (HNBGU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित CUET-UG 2026 में शामिल अभ्यर्थी अब विश्वविद्यालय के समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि 21 जुलाई (रात्रि) निर्धारित की है और इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण पूरा करने की अपील की है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार इस बार केवल पारंपरिक स्नातक पाठ्यक्रम ही नहीं, बल्कि विभिन्न प्रोफेशनल और विशेष पाठ्यक्रमों में भी इसी प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश दिए जाएंगे। इनमें विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित बीए, बीएससी, बीकॉम सहित अन्य स्नातक कार्यक्रमों के अलावा इंटीग्रेटेड एमबीए, बीए-एलएलबी, लोक नृत्य डिप्लोमा तथा लोक संगीत डिप्लोमा जैसे पाठ्यक्रम भी शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. ओ.पी.एस. गुसाईं का कहना हैं कि सभी अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित परिसर या संबद्ध महाविद्यालय में उपलब्ध पाठ्यक्रमों, सीटों और पात्रता संबंधी नियमों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार विद्यार्थी बिना पात्रता की पुष्टि किए आवेदन कर देते हैं, जिससे बाद में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र सावधानीपूर्वक भरना होगा और सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में समय सीमा के भीतर अपलोड करने होंगे। इसके साथ ही पंजीकरण शुल्क का ऑनलाइन भुगतान भी अनिवार्य होगा। यदि आवेदन अधूरा रहता है या निर्धारित समय के बाद जमा किया जाता है तो उस पर विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार ही विचार किया जाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया CUET-UG 2026 के प्राप्त अंकों और विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित पात्रता मानकों के आधार पर पूरी की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि मेरिट सूची, काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन, सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी अन्य सभी सूचनाएं चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएंगी। इसलिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय अभ्यर्थी समय रहते अपना पंजीकरण पूरा कर लें। अंतिम दिनों में पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक या तकनीकी कारणों से आवेदन में परेशानी आ सकती है, जिससे विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया से वंचित भी हो सकते हैं। ऐसे में समय पर आवेदन करना ही सबसे सुरक्षित विकल्प होगा। इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय विशेष रूप से ऑनलाइन प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने पर जोर दे रहा है। इससे विद्यार्थियों को घर बैठे आवेदन, दस्तावेज अपलोड और शुल्क भुगतान जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
तीन परिसरों और संबद्ध कॉलेजों में मिलेगा प्रवेश
एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय उत्तराखंड के प्रमुख केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शामिल है। विश्वविद्यालय का मुख्य परिसर पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर में अलकनंदा नदी के तट पर स्थित है। इसके अलावा बिड़ला परिसर (श्रीनगर), बीजीआर परिसर (पौड़ी) और एसआरटी परिसर (टिहरी) सहित कई संबद्ध महाविद्यालयों में विभिन्न विषयों के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। विज्ञान, कला, वाणिज्य, प्रबंधन, विधि और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए यह विश्वविद्यालय प्रदेश के साथ-साथ देशभर के विद्यार्थियों की पहली पसंद माना जाता है। विश्वविद्यालय में प्रवेश CUET के माध्यम से होने के कारण देश के विभिन्न राज्यों के विद्यार्थी भी यहां अध्ययन के लिए आवेदन करते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी से बचते हुए समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करना सुनिश्चित करें।