सीएम धामी ने 483 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, सरकारी सेवा में मिला अवसर..
उत्तराखंड: उत्तराखंड सरकार ने युवाओं को रोजगार के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए शुक्रवार को विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। सीएम धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंचाई और कृषि विभाग में चयनित कुल 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें 473 पद सिंचाई विभाग तथा 10 पद कृषि विभाग से संबंधित हैं। इस अवसर पर सीएम ने पूर्व सीएम दिवंगत भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे उत्तराखंड की कल्पना की थी, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर हो। सीएम ने कहा कि आज युवाओं को दिए जा रहे नियुक्ति पत्र इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार उस सपने को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
सीएम ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति केवल नौकरी प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, लगन और संघर्ष का सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चयनित अभ्यर्थी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी युवा की सफलता के पीछे उसके माता-पिता का त्याग, परिवार का संघर्ष और वर्षों की कठिन मेहनत छिपी होती है। सीएम ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता को सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जब चयन प्रक्रिया निष्पक्ष होती है, तभी योग्य और ईमानदार युवाओं को अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। आज युवाओं का चयन उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर हो रहा है, जिससे सरकारी व्यवस्थाओं में नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार ने करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की है। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि पिछले चार वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य का बजट आकार अब एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है और बेरोजगारी दर में भी रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में अब रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिल रहा है और पहाड़ का युवा अब केवल रोजगार के लिए पलायन नहीं, बल्कि अपने ही राज्य में संभावनाएं तलाश रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जा सके।