उत्तराखंड

सीएम धामी ने किया ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ काउंटडाउन रन का शुभारंभ..

सीएम धामी ने किया ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ काउंटडाउन रन का शुभारंभ..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की सीमांत नीति घाटी में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित “नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” कार्यक्रम का औपचारिक आगाज शनिवार को हो गया। सीएम धामी ने ने काउंटडाउन रन को फ्लैग ऑफ कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली अल्ट्रा रन के प्रतीक “क्यालु-हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया गया। सीएम ने कहा कि “नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने युवाओं के उत्साह और जोश की सराहना करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देशहित में कुछ बड़ा करने का जज्बा साफ दिखाई देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां गूंजते युवाओं के कदम आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेंगे।

उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं है, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। नीति घाटी जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ने के लिए हिमालय जैसा अडिग विश्वास और कठिन परिस्थितियों को स्वीकार करने का साहस जरूरी है। सीएम ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि राज्य अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिकता तक सीमित नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ते नए उत्तराखंड की पहचान बन चुका है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 31 मई को नीति घाटी की दुर्गम और पावन धरती पर होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के एडवेंचर टूरिज्म और खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। देश के 27 राज्यों और दो अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों द्वारा पंजीकरण कराया जाना इस आयोजन के बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों के जरिए खेल और फिटनेस को जनआंदोलन बनाया जा रहा है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में सीएम ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ इस दौड़ में हिस्सा लें और सुरक्षित रूप से इसे पूरा कर नीति घाटी में नया इतिहास रचें। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top