उत्तराखंड

देहरादून में खौफनाक वारदात, युवक को अगवा कर नदी में फेंका, हालत गंभीर..

देहरादून में खौफनाक वारदात, युवक को अगवा कर नदी में फेंका, हालत गंभीर..

 

 

 

उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ लूट, मारपीट और कथित अपहरण की गंभीर घटना सामने आई है। बदमाश युवक को जबरन अपने साथ ले गए, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और लूटपाट करने के बाद उसे जामुनवाला पुल से नीचे नदी में फेंककर फरार हो गए। घायल युवक पूरी रात नदी किनारे पत्थरों के बीच तड़पता रहा। सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक 23 वर्षीय आकाश कुमार देहरादून के आईटी पार्क स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर कार्यरत है। युवक की ड्यूटी शाम छह बजे से रात दो बजे तक रहती है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। आकाश ड्यूटी खत्म होने के बाद सहस्रधारा क्रॉसिंग पर घर जाने के लिए ऑनलाइन बाइक बुक कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर उसे जबरन अपने साथ ले गए।

परिजनों के अनुसार आरोपी युवक को शहर के कई इलाकों में घुमाते रहे। घंटाघर, बिंदाल पुल और गढ़ी कैंट होते हुए आरोपी उसे जामुनवाला पुल तक ले गए। वहां बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसका बैग, दो मोबाइल फोन तथा पर्स में रखी नकदी लूट ली। इसके बाद आरोपियों ने युवक को पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। करीब पूरी रात घायल अवस्था में नदी किनारे पड़े रहने के कारण युवक की हालत गंभीर हो गई। बताया जा रहा है कि गिरने से उसकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने युवक की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

फिलहाल घायल युवक का इलाज दून अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है। चिकित्सकों के मुताबिक युवक को शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति अभी पूरी तरह सामान्य नहीं है। मामले में पीड़ित के पिता विनोद कुमार की शिकायत पर थाना प्रेमनगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक फिलहाल मानसिक और शारीरिक रूप से सदमे में है, जिसके चलते वह घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद शहर में देर रात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top