उत्तराखंड

21 मई को खुलेंगे मध्यमेश्वर धाम के कपाट..

21 मई को खुलेंगे मध्यमेश्वर धाम के कपाट..

19 मई को रवाना होगी बाबा मध्यमेश्वर की उत्सव डोली..

 

 

उत्तराखंड: पंचकेदार में द्वितीय भगवान मध्यमेश्वर धाम के कपाट आगामी 21 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। पंचकेदारों में द्वितीय केदार के रूप में प्रसिद्ध इस धाम के कपाट खुलने की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। कपाटोद्घाटन से पहले बाबा मध्यमेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली 19 मई को शीतकालीन गद्दीस्थल से धाम के लिए प्रस्थान करेगी। श्री बद्री-केदार मंदिर समिति की ओर से कपाट खोलने को लेकर सभी व्यवस्थाएं शुरू कर दी गई हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, पूजा-अर्चना की तैयारियों और यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन और मंदिर समिति की टीमें लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंदिर समिति के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण के अनुसार, 17 मई को बाबा की चल विग्रह उत्सव मूर्ति को ओंकारेश्वर मंदिर के गर्भगृह से बाहर लाकर सभामंडप में विधिवत विराजमान किया जाएगा। इसके बाद 19 मई को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच उत्सव डोली मध्यमेश्वर धाम के लिए रवाना होगी। यात्रा के दौरान डोली विभिन्न पारंपरिक पड़ावों से होकर गुजरेगी। डोली डंगवाड़ी, ब्राह्मणखोली, मंगोलचारी, मनसूना, राऊलैंक और उनियाणा होते हुए राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी। अगले दिन 20 मई को डोली गौंडार गांव पहुंचेगी। वहीं 21 मई को बनातोली, खटारा, नानौ, मैखम्भा और कूनचट्टी से होते हुए बाबा की डोली मध्यमेश्वर धाम पहुंचेगी।

निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार 21 मई को कर्क लग्न में विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। कपाट खुलने के बाद श्रद्धालु छह माह तक बाबा मध्यमेश्वर के दर्शन कर सकेंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बता दे कि प्रथम केदार और तृतीय केदार के कपाट खुलने के बाद अब श्रद्धालुओं की नजरें द्वितीय केदार मध्यमेश्वर धाम पर टिकी हुई हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पंचकेदार यात्रा का विशेष महत्व माना जाता है और हर वर्ष देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इन धामों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top