उत्तराखंड

पिथौरागढ़ को सीएम धामी की बड़ी सौगात, ₹165 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण..

पिथौरागढ़ को सीएम धामी की बड़ी सौगात, ₹165 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण..

 

 

उत्तराखंड: केदारनाथ धाम यात्रा के बाद सीएम ने शनिवार को पिथौरागढ़ पहुंचकर जिले को बड़ी विकास सौगातें दीं। सीएम ने लक्ष्मण सिंह महर राजकीय महाविद्यालय में आयोजित कैलाश उत्सव 2026 का शुभारंभ किया और इस दौरान करीब 165 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने महाविद्यालय के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। सीएम ने अपने दौरे के दौरान सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचकर वहां विकसित नई खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को बेहतर अवसर देने को लेकर भी सीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद सीएम धामी ने पिथौरागढ़ जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अस्पताल में साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्थाओं और उपकरणों की उपलब्धता को लेकर भी उन्होंने जानकारी ली। बेरीनाग दौरे के दौरान सीएम ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निर्माणाधीन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल से जुड़े लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। बीजेपी नेता मनीष पंत ने सीएम को ज्ञापन सौंपते हुए चौकोड़ी क्षेत्र में भूमि का मालिकाना हक नहीं मिलने और बिजली-पानी कनेक्शन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। साथ ही चौकोड़ी से हेली सेवा शुरू करने समेत छह सूत्रीय मांग पत्र भी सीएम को सौंपा गया।

वहीं बेरीनाग व्यापार संघ की ओर से भी क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया गया। व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने बेरीनाग सीएचसी में आईसीयू और अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, महाविद्यालय खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने, सड़क निर्माण और चौकोड़ी क्षेत्र के लोगों को भूमि स्वामित्व अधिकार देने की मांग उठाई। नगर पालिका अध्यक्ष हेमा पंत ने भी सीएम को ज्ञापन सौंपते हुए नगर विकास कार्यों के लिए प्रत्येक तिमाही दो करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही बेरीनाग में बारात घर, बैडमिंटन कोर्ट निर्माण और महाविद्यालय मार्ग के सुधारीकरण के लिए बजट जारी करने की मांग भी रखी गई। सीएम धामी ने बेरीनाग बाजार पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top