उत्तराखंड में SIR की तैयारी तेज, भारत निर्वाचन आयोग जल्द कर सकता है घोषणा..
उत्तराखंड: भारत निर्वाचन आयोग पांच राज्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद अब उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारी में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार आयोग जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा कर सकता है, जबकि संभावित तौर पर जून माह में यह प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
राज्य स्तर पर इसको लेकर तैयारियां पहले से ही जारी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में प्रदेशभर में प्री-एसआईआर गतिविधियां पिछले कई महीनों से संचालित की जा रही हैं। इसके तहत अब तक लगभग 84 लाख मतदाताओं में से करीब 87 प्रतिशत का बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) मैपिंग कार्य 2003 की मतदाता सूची के सापेक्ष पूरा किया जा चुका है। शेष मतदाताओं के सत्यापन और मैपिंग के लिए भी तेजी से कार्य जारी है।
इधर राज्य में वर्तमान समय में जनगणना का कार्य भी प्रगति पर है, जिसका पहला चरण 24 मई तक पूर्ण होने की संभावना है। माना जा रहा है कि जनगणना के इस चरण के समाप्त होते ही निर्वाचन आयोग राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे आगामी चुनावों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इस संबंध में विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जा सकता है।