उत्तराखंड

बद्रीनाथ धाम में तैयारियां तेज, बीकेटीसी सीईओ ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा..

बद्रीनाथ धाम में तैयारियां तेज, बीकेटीसी सीईओ ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा..

 

 

उत्तराखंड: आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को बद्रीनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर के प्रमुख स्थलों का जायजा लिया, जिनमें बद्रीनाथ मंदिर सिंहद्वार, आस्था पथ, तप्तकुंड, बस टर्मिनल और विभिन्न विश्राम गृह शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्य कार्याधिकारी ने शीतकाल के दौरान धाम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों और मंदिर समिति के कर्मचारियों से भी मुलाकात कर उनका हाल जाना और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे, ऐसे में सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति की प्राथमिकता तीर्थयात्रियों को सरल, सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना है। इसके लिए भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं और समन्वय व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग, दर्शन व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना जरूरी है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि धाम में साफ-सफाई, आवास, पेयजल, सुरक्षा और यातायात जैसी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि यात्रा शुरू होने पर श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। चारधाम यात्रा के मद्देनजर प्रशासन और मंदिर समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top