उत्तराखंड

गंगोत्री धाम में नई दर्शन व्यवस्था लागू, अब इस समय कर पाएंगे श्रद्धालु दर्शन..

गंगोत्री धाम में नई दर्शन व्यवस्था लागू, अब इस समय कर पाएंगे श्रद्धालु दर्शन..

सुबह 6 से शाम 4 बजे तक खुला रहेगा मंदिर..

 

 

 

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा से पहले गंगोत्री धाम में दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। गंगोत्री मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा और धाम में ठहराव बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्य मंदिर के दर्शन समय में परिवर्तन का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के अनुसार अब श्रद्धालु सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद मंदिर के कपाट सायंकालीन गंगा आरती के लिए दोबारा खोले जाएंगे, जो शाम करीब 7:45 बजे आयोजित होगी। आरती के बाद रात 10 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर पाएंगे।

यह निर्णय शनिवार को गंगोत्री धर्मशाला में आयोजित गंगोत्री मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहितों की वार्षिक बैठक में लिया गया। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं, पुजारियों की नियुक्ति और आय-व्यय सहित कई अहम विषयों पर चर्चा की गई, जिसमें दर्शन समय को लेकर लिया गया फैसला सबसे महत्वपूर्ण रहा। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार पहले मंदिर में दोपहर 2 बजे तक ही दर्शन होते थे और फिर कुछ समय के लिए कपाट बंद कर दिए जाते थे। नई व्यवस्था के तहत अब लगातार शाम 4 बजे तक दर्शन की सुविधा मिलने से श्रद्धालुओं को अधिक समय मिलेगा।

समिति का मानना है कि इस बदलाव से यात्री धाम में अधिक समय बिता सकेंगे और घाटों पर पूजा-अर्चना, अन्य मंदिरों के दर्शन और सायंकालीन आरती में भी शामिल हो पाएंगे, जिससे धार्मिक अनुभव और बेहतर होगा। इसके साथ ही बैठक में अनुशासन और व्यवस्थाओं को लेकर भी सख्त निर्णय लिए गए हैं। अब किसी भी तीर्थ पुरोहित, मंदिर कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही मंदिर परिसर से किसी भी प्रकार का लाइव प्रसारण या ऑनलाइन दर्शन कराना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन और मंदिर समिति का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर, शांत और व्यवस्थित धार्मिक वातावरण प्रदान करना है, जिससे गंगोत्री यात्रा और अधिक सुगम और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बन सके।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top