देहरादून में पुल के नीचे मिला संदिग्ध शव, इलाके में फैली सनसनी..
बढ़ते अपराधों से लोगों में डर का माहौल..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चूना भट्टा क्षेत्र में पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चूना भट्टा इलाके में पुल के नीचे एक शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और शव किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, ऐसे में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। हाल ही में मसूरी मार्ग पर सुबह के समय सैर पर निकले एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर पर कुछ युवकों द्वारा गोली चलाने की घटना सामने आई थी, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। इससे पहले चूना भट्टा क्षेत्र में ही एक युवती की नशे की अधिक मात्रा लेने से मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। क्षेत्रवासी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।