उत्तराखंड

SDRF को मिलेगा हाईटेक ट्रेनिंग सेंटर..

SDRF को मिलेगा हाईटेक ट्रेनिंग सेंटर..

जौलीग्रांट में फेज-2 के लिए 27 करोड़ मंजूर..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन क्षमता को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के जौलीग्रांट स्थित मुख्यालय में फेज-2 के तहत करीब 27.25 करोड़ रुपये की लागत से आउटडोर ट्रेनिंग से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्य किए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर से वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। जौलीग्रांट में स्थित SDRF मुख्यालय प्रदेश में आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां SDRF के जवानों और अधिकारियों को विभिन्न आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया जाता है। इसके साथ अन्य एजेंसियों के जवानों और आपदा मित्रों को भी यहां प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जा सके।

फेज-2 के अंतर्गत लगभग आठ हेक्टेयर भूमि पर आउटडोर प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद SDRF कर्मियों और यहां प्रशिक्षण लेने वाले प्रशिक्षुओं को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ और अधिक व्यावहारिक तथा चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे पहले फेज-1 के तहत मुख्यालय के बुनियादी ढांचे का निर्माण किया गया था। इस चरण में एडमिन ब्लॉक, ट्रेनिंग ब्लॉक, बहुउद्देशीय हॉल, गेस्ट हाउस, बैरक, स्टोर, आंतरिक मार्ग, ट्रेड कॉम्प्लेक्स, 105 परिवारों के लिए आवास, एमटी गैरेज और कार्यालय भवन सहित कई आवश्यक ढांचे तैयार किए गए थे। 9 जनवरी 2023 को इन सुविधाओं को औपचारिक रूप से SDRF को सौंप दिया गया था।

फेज-2 में जिन प्रमुख प्रशिक्षण सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा, उनमें स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू ट्रेनिंग एरिया, हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू ट्रेनिंग कॉम्पोनेंट, रोपवे रेस्क्यू प्रशिक्षण, रेस्क्यू डॉग के लिए ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, SDRF कर्मियों के लिए ऑब्स्टेकल कोर्स, डीप डाइविंग पूल, सरफेस वाटर सर्च एंड रेस्क्यू पूल, आउटडोर डेमो एरिया, साइट डेवलपमेंट कार्य और आधुनिक प्रशिक्षण उपकरणों की खरीद शामिल है। इसके साथ ही पर्यावरण निगरानी से जुड़े प्रावधान भी किए जाएंगे। यह पूरा प्रोजेक्ट यू‑PREPARE योजना के अंतर्गत तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आपदा प्रबंधन से जुड़ी संस्थाओं की प्रशिक्षण क्षमता को मजबूत किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद SDRF के जवानों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सकेगा, जिससे राज्य में आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top