उत्तराखंड

टिहरी बनेगा पर्यटन का हब, 6 से 9 मार्च तक होगा लेक फेस्टिवल, सीएम धामी करेंगे शुभारंभ..

टिहरी बनेगा पर्यटन का हब, 6 से 9 मार्च तक होगा लेक फेस्टिवल, सीएम धामी करेंगे शुभारंभ..

 

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रही टिहरी झील एक बार फिर रोमांच और संस्कृति के संगम की साक्षी बनने जा रही है। 6 से 9 मार्च तक यहां आयोजित होने वाला लेक फेस्टिवल जिले को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आयोजन की तैयारियां उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी छह मार्च को कोटी कॉलोनी में फेस्टिवल का शुभारंभ करेंगे। चार दिवसीय इस महोत्सव का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

लेक फेस्टिवल के दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय संस्कृति को मंच देने के लिए सांस्कृतिक संध्याएं, फैशन शो, फोटोग्राफी प्रतियोगिता और मास्टर शेफ प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी होंगी। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान के विजेताओं को क्रमशः 50 हजार और 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 10 प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। फेस्टिवल का मुख्य आयोजन स्थल कोटी कॉलोनी रहेगा, जहां फूड फेस्टिवल, मिस्टर एंड मिस टिहरी प्रतियोगिता और मास्टर शेफ मुकाबला आयोजित किया जाएगा। साथ ही वीर भड़ माधो सिंह भंडारी के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी दर्शकों को आकर्षित करेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छह मार्च को पांडवाज बैंड अपनी प्रस्तुति देगा, जबकि सात मार्च को मशहूर संगीतकार एवं गायक अमित त्रिवेदी लाइव परफॉर्मेंस से समां बांधेंगे।

दूरस्थ क्षेत्रों में भी आयोजन..

फेस्टिवल के तहत प्रतापनगर, घनसाली और नरेंद्र नगर ब्लॉकों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतापनगर में माजफ-पीडी ट्रैक और थात-खैट पर्वत ट्रैक का आयोजन होगा। घनसाली क्षेत्र में बासल ताल ट्रैक और नरेंद्र नगर ब्लॉक में ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक गंगा में राफ्टिंग कराई जाएगी। धनोल्टी क्षेत्र के अंतर्गत सुआखोली से देवलसारी तक माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) राइड भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। लेक फेस्टिवल से न केवल टिहरी की प्राकृतिक सुंदरता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय हस्तशिल्प, खानपान और लोक संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस आयोजन से जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। चार दिन तक चलने वाला यह महोत्सव रोमांच, संस्कृति और संगीत का संगम बनकर टिहरी को पर्यटन की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top