उत्तराखंड

ITBP जवान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या..

ITBP जवान ने फांसी लगाकर की आत्महत्या..

 

 

 

उत्तराखंड: मसूरी में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से सुरक्षा बलों में शोक की लहर फैल गई है। मृतक जवान की पहचान पिथौरागढ़ यूनिट में तैनात कांस्टेबल चेतराम मीणा (38) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले का निवासी था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूनिट-14 पिथौरागढ़ में तैनात कांस्टेबल चेतराम मीणा, पुत्र रामफल मीणा, वर्तमान में मसूरी में ड्यूटी पर कार्यरत था। जवान ने अपने कमरे की खिड़की के कुंडे में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही आईटीबीपी की टीम मौके पर पहुंची और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कर शव को नीचे उतारकर अस्पताल भेजा गया।

दो महीने पहले ही मसूरी में तैनात हुआ था जवान..

जानकारी के अनुसार चेतराम मीणा करीब दो महीने पहले ही पिथौरागढ़ से मसूरी ड्यूटी पर आया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि जवान मानसिक तनाव से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि जुलाई 2025 में उसने पिथौरागढ़ में भी आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद उसे निगरानी में रखा गया था। घटना के बाद आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जवान के सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

मानसिक स्वास्थ्य पर फिर उठे सवाल..

इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा बलों में तैनात जवानों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन की जरूरत को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक ड्यूटी, पारिवारिक दूरी और कार्यस्थल का दबाव कई बार जवानों को मानसिक रूप से कमजोर कर देता है। आईटीबीपी अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top