श्रीनगर में भीषण सड़क हादसा, चालक फरार..
उत्तराखंड: श्रीनगर में मंगलवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तड़के सुबह एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर खड़े और चल रहे कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके पर रुके बिना वाहन लेकर फरार हो गया। गनीमत यह रही कि घटना सुबह-सुबह हुई, जब सड़क पर आवाजाही कम थी, अन्यथा बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन अचानक तेज गति में सड़क पर आया और चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते वाहन ने एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ वाहनों को गंभीर क्षति पहुंची है। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। साथ ही घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं हैं। हालांकि, कई वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी या वीडियो फुटेज हो तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें। बता दे कि हाल के दिनों में श्रीनगर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस लगातार यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रही है, बावजूद इसके इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। यदि यह हादसा दिन के समय हुआ होता, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। फिलहाल पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।