रुद्रप्रयाग-सोनप्रयाग हाईवे होगा सुरक्षित, भूस्खलन रोकथाम के लिए 130 करोड़ स्वीकृत..
उत्तराखंड: राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर यात्रा को सुरक्षित और निर्बाध बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक लगातार होने वाले भूस्खलन की समस्या से निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने 130 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस योजना के तहत लगभग 70 किलोमीटर लंबे मार्ग पर भूस्खलन रोकथाम से जुड़े कार्य किए जाएंगे, जिससे आने वाले समय में इस अहम तीर्थ और पर्यटन मार्ग को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता मुकेश पंवार के अनुसार इस परियोजना का सीधा लाभ केदारनाथ धाम सहित चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मिलेगा। हर साल बरसात और सर्दियों के दौरान इस मार्ग पर बार-बार होने वाले भूस्खलन से यातायात बाधित होता रहा है, लेकिन अब स्थायी समाधान की दिशा में काम शुरू होने जा रहा है।
मुख्य अभियंता ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-107 के चौड़ीकरण का कार्य इस वर्ष पूरा कर लिया जाएगा, जबकि भूस्खलन न्यूनीकरण से जुड़े कार्यों के जरिए सड़क की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। यह मार्ग न केवल केदारनाथ यात्रा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि कुंड से चमोली को जोड़ने के साथ-साथ तुंगनाथ और रुद्रनाथ जैसे पंचकेदार मंदिरों तक पहुंच को भी सरल बनाता है। रुद्रप्रयाग-अगस्त्यमुनि, अगस्त्यमुनि बाईपास, काकरगाड़-गुप्तकाशी, गुप्तकाशी-फाटा और फाटा-सीतापुर जैसे प्रमुख खंडों में दो-लेन सड़क के साथ भूस्खलन रोकथाम के कार्य किए जाएंगे। इससे न सिर्फ सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी, बल्कि पहाड़ी ढलानों की मजबूती और जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा, जिससे भविष्य में सड़क बंद होने की आशंका कम होगी। मुख्य अभियंता के अनुसार इस पूरी परियोजना को राज्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लागू किया जाएगा। सरकार का यह कदम चारधाम यात्रा मार्ग को हर मौसम में सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है, जिससे तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी मजबूती मिलेगी।