पर्यटन में नया कीर्तिमान- 2025 में उत्तराखंड बना देश के शीर्ष पर्यटन स्थलों में शामिल..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी की पर्यटन को लेकर की गई पहल अब परिणाम देने लगी है। उत्तराखंड पर्यटन ने वर्ष 2025 में ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जो राज्य गठन के बाद अब तक कभी देखने को नहीं मिला। पहली बार प्रदेश में पर्यटकों की संख्या छह करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है, जिससे पर्यटन क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। पर्यटन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 6 करोड़ 3 लाख 21 हजार 194 पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे। इनमें 1 लाख 92 हजार 533 विदेशी सैलानी शामिल हैं, जो यह दर्शाता है कि उत्तराखंड की पहचान अब वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर भी मजबूत हो रही है। धार्मिक, साहसिक और प्रकृति पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण ने राज्य को देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद बना दिया है। जिलावार आंकड़ों की बात करें तो हरिद्वार एक बार फिर सबसे अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने वाला जिला रहा। यहां 3 करोड़ 42 लाख 49 हजार 380 श्रद्धालु और सैलानी पहुंचे। राजधानी देहरादून में 67 लाख 35 हजार 71 पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया, जबकि टिहरी जिले में 53 लाख 29 हजार 759 पर्यटकों ने झीलों और पहाड़ों के बीच समय बिताया।
पिछले वर्षों के आंकड़े भी यह साफ संकेत देते हैं कि उत्तराखंड में पर्यटन निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वर्ष 2021 में जहां 2 करोड़ से कुछ अधिक पर्यटक आए थे, वहीं 2022 में यह संख्या 5 करोड़ 39 लाख से अधिक पहुंच गई। 2023 और 2024 में भी करीब छह करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ, लेकिन वर्ष 2025 में यह आंकड़ा पहली बार छह करोड़ के पार चला गया। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर सड़क और हवाई कनेक्टिविटी, चारधाम यात्रा की सुचारु व्यवस्थाएं, डिजिटल प्रचार-प्रसार और नई पर्यटन नीतियों ने राज्य की छवि को मजबूत किया है। सरकार के प्रयासों के चलते उत्तराखंड अब केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एडवेंचर, वेलनेस और इको-टूरिज्म का भी बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।