Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

खेलों को सीएम धामी की बड़ी सौगात, इस साल बनेंगे खेल विश्वविद्यालय और 23 अकादमियां..

खेलों को सीएम धामी की बड़ी सौगात, इस साल बनेंगे खेल विश्वविद्यालय और 23 अकादमियां..

 

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी इस वर्ष उत्तराखंड के खिलाड़ियों और खेल क्षेत्र को दो बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। एक ओर जहां हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों के संचालन की तैयारी भी तेज़ हो गई है। सरकार द्वारा पहले ही खेल विश्वविद्यालय की अधिसूचना जारी की जा चुकी है। यह विश्वविद्यालय राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, खेल शिक्षा और शोध की सुविधा प्रदान करेगा। इससे उत्तराखंड को खेल शिक्षा और पेशेवर खेल प्रबंधन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी सहित आठ शहरों, जहां राष्ट्रीय खेलों के दौरान आधारभूत ढांचा तैयार किया गया था, उन स्थानों पर 23 खेल अकादमियां खोली जाएंगी। इन अकादमियों का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थायी प्रशिक्षण और खेल संस्कृति का विकास करना है। इन पहलों से उत्तराखंड में खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण, सुविधाएं और करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे राज्य को भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मिल सकेंगे।

प्रमुख उपलब्धियां
38वें राष्ट्रीय खेल- सीएम पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के चौथे वर्ष में उत्तराखंड ने खेलों के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर उत्तराखंड ने न केवल आयोजन क्षमता का परिचय दिया, बल्कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के लिहाज़ से भी एक नई ऊंचाई को छुआ। राज्य के खिलाड़ियों ने इन खेलों में 100 से अधिक पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया और पदक तालिका में सातवां स्थान प्राप्त किया। यह उत्तराखंड के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। सरकार के अनुसार यह सफलता राज्य सरकार द्वारा खेलों के लिए तैयार किए गए आधारभूत ढांचे, प्रशिक्षण सुविधाओं और नीतिगत सुधारों का परिणाम है। आने वाले समय में खेल विश्वविद्यालय और नई खेल अकादमियों के माध्यम से इस दिशा में और मजबूती लाई जाएगी।

नई खेल नीति
उत्तराखंड में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने नई खेल नीति लागू की है, जिसके तहत खिलाड़ियों को अभूतपूर्व लाभ मिल रहे हैं। सीएम धामी के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को लेकर न केवल सुव्यवस्थित आधारभूत ढांचा तैयार हुआ है, बल्कि खिलाड़ियों के लिए आर्थिक और करियर सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है। इस नई नीति के अंतर्गत ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 1 से 2 करोड़ रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी देने की योजना को अमल में लाया जा रहा है। खिलाड़ियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को दोगुना किया गया है। प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को छात्रवृत्तियां भी दी जा रही हैं। राज्य सरकार का कहना है कि आज उत्तराखंड को पूरे देश में ‘खेल भूमि’ के रूप में पहचाना जा रहा है, जो प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। हाल ही में राष्ट्रीय खेलों के भव्य आयोजन के बाद प्रदेश में खेलों को लेकर बेहतर वातावरण बना है और खिलाड़ियों का मनोबल उच्च स्तर पर है। सीएम धामी ने स्पष्ट किया है कि खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए बड़े निर्णय लेने और उन्हें ज़मीनी स्तर पर लागू करने का क्रम आगे भी जारी रहेगा।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top