Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

जेल में बंद कैदियों को आतंकवादी बनाता है पाकिस्तान: कर्नल कोठियाल

चोपता में आयोजित महोत्सव में शामिल हुए निम के प्रिंसिपल
रूद्रप्रयाग। तल्लानागपुर पट्टी के चोपता, चांदधार में आयोजित औद्योगिक विकास, कृषि एवं पर्यटन महोत्सव में दूसरे दिन भगवान शिव शंकर की बारात आकर्षण का केन्द्र रही। वहीं स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दी।

निम के प्रिंसिपल (कीर्ति, शौर्य चक्र, वीएसएम) कर्नल अजय कोठियाल ने महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन, कृषि और उद्योगों से रोजगार की संभावनाएं तलाशी जा सकती है। स्थानीय युवाओं को इसके लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। उन्होंने यूथ फाउंडेशन के भर्ती कैंप के बारे में भी स्थानीय लोगों को जानकारी दी और कहा कि सेना में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए करीब 600 बालिकाओं का चयन किया गया है। इन्हें देहरादून और चौरास में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कर्नल कोठियाल ने कहा कि पहाड़ महिलाओं की ताकत के बलबूते आगे बढ़ रहा है। महिलाएं पहाड़ की रीढ़ हैं।

उन्होंने जम्मू कश्मीर में हुए ऑपरेशनों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से कश्मीर में जितने भी आतंकवादी आते हैं, वह या तो किसी सजा में जेल में बंद रहते हैं, या फांसी की सजा मिली होती है या फिर उन्हें एड्स रहता है। उन्हें बोला जाता है कि कश्मीर में आतंकवाद फैलाओ और अगर वे वहां से बच गए तो उनकी सजा माफ हो जाएगी और वे शहीद कहलाएंगे। इन आतंकवादियों के परिवार को पाकिस्तान द्वारा लाखों रुपए भी दिए जाते हैं।
कर्नल कोठियाल ने यह भी कहा कि निम में बतौर प्रिंसिपल सेवा देने के दौरान उन्होंने काफी कुछ सीखा। पहाड़ की असली ताकत उन्हें निम में देखने को मिली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार है। आपदा रूपी दानव को हम धक्का मारकर भगाएंगे।

विशिष्ट अतिथि सुबेदार मेजर तेजपाल सिंह नेगी ने कहा कि कर्नल कोठियाल की वजह से ही आज वह इस मुकाम पर हैं। दो बार एवरेस्ट फतह करने का जज्बा कर्नल कोठियाल की वजह से ही मिला। उन्होंने कहा कि कर्नल कोठियाल भारतीय सेना में सबसे जांबाज अफसरों में से एक हैं। इनके साथ हमें काम करने का मौका मिला, जो हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने महोत्सव के आयोजन के लिए समिति का धन्यवाद ज्ञापित भी किया और भविष्य में इसे व्यापक रूप देने की मांग की।

जिला पंचायत सदस्य योगंबर नेगी ने निम के प्रिंसिपल से क्षेत्र में एक भर्ती कैंप लगाने की मांग की और साथ ही कर्नल कोठियाल द्वार किए जा रहे कामों की प्रशंसा की।
इससे पूर्व समिति की ओर से कर्नल कोठियाल के सम्मान में अभिनंदन पत्र पढ़ा गया और शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया गया। इस मौके पर लोक गायिक हेमा नेगी करासी ने जागरों की शानदार प्रस्तुति दी। साथ ही लक्ष्मी शाह के नेतृत्व में पतंजलि की टीम ने भोले शंकर की भव्य शोभा यात्रा निकाली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top