उत्तराखंड

चारधाम यात्रा के लिए पहले ही दिन 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन..

चारधाम यात्रा के लिए पहले ही दिन 1.24 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में इस बार भी भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार पहले दिन कुल 1.24 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है। चारधामों में सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं। यहां दर्शन के लिए 42,405 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। इसके बाद बद्रीनाथ धाम के लिए 36,580, गंगोत्री धाम के लिए 22,764 और यमुनोत्री धाम के लिए 22,340 श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण कराया। पहले ही दिन इतने बड़े स्तर पर हुए रजिस्ट्रेशन से साफ है कि इस बार यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

पर्यटन विभाग की ओर से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू की गई। श्रद्धालु राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट http://registrationandtouristcare.uk.gov.inऔर मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand के माध्यम से घर बैठे ही यात्रा के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। चारधाम यात्रा में शामिल होने के लिए पंजीकरण को अनिवार्य किया गया है, ताकि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या को व्यवस्थित किया जा सके और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो सके।

पर्यटन विभाग के अनुसार भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण की सुविधा दी गई है। इस व्यवस्था का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रक्रिया को आसान बनाना है। ऑनलाइन पंजीकरण के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है। यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले यानी 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए जाएंगे। इसके लिए राज्य के प्रमुख ट्रांजिट केंद्रों पर विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालु मौके पर ही अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।

ऑफलाइन पंजीकरण के लिए ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान और विकासनगर में पंजीकरण काउंटर खोले जाएंगे। इन स्थानों पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यात्रियों की सहायता के लिए पर्यटन विभाग ने टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 भी जारी किया है, जिस पर चौबीस घंटे सेवा उपलब्ध रहेगी। इस नंबर के माध्यम से श्रद्धालु यात्रा से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ किसी भी समस्या के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था और पर्यटन से जुड़ी सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है। हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम, बद्रीनाथ धाम, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top