उत्तराखंड

उत्तराखंड में 1.19 लाख छात्रों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण..

उत्तराखंड में 1.19 लाख छात्रों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण..

उच्च शिक्षा के साथ रोजगारपरक पढ़ाई पर जोर..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है। धामी कैबिनेट ने मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा कौशल संवर्धन योजना-2026 को मंजूरी दे दी है। योजना के तहत विद्यार्थियों को उनकी डिग्री के साथ उद्योग और रोजगार बाजार की जरूरतों के मुताबिक व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। सरकार के अनुसार इस योजना से राज्य के राजकीय, अशासकीय और निजी विश्वविद्यालयों के साथ संबद्ध महाविद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 1.19 लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। योजना को अगले पांच वर्षों में लागू करने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

नौकरी के साथ स्वरोजगार पर भी जोर
योजना का फोकस केवल विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने तक सीमित नहीं रहेगा। प्रशिक्षण के जरिए युवाओं में स्वरोजगार और अपना व्यवसाय शुरू करने से जुड़ी क्षमताएं विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। इसके माध्यम से उच्च शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश की जाएगी। उच्च शिक्षा सचिव डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार, योजना के शुरुआती चरण में राजकीय और अनुदानित अशासकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को इसका लाभ दिया जाएगा।

एआई से लेकर ड्रोन तकनीक तक की पढ़ाई
कौशल आधारित पाठ्यक्रम में मौजूदा रोजगार बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए कई नए विषय शामिल किए गए हैं। विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, वेब डेवलपमेंट, ड्रोन तकनीक, ब्रांड डेवलपमेंट, डिजिटल मार्केटिंग और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही मूल्य वर्धित पाठ्यक्रमों के जरिए कृषि जागरूकता, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, शिल्प एवं वस्त्र, ईको-टूरिज्म एवं विरासत, उद्यमिता और योग जैसे विषयों से भी विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा।

बदलते रोजगार बाजार के हिसाब से तैयार होंगे छात्र
सरकार का मानना है कि मौजूदा दौर में केवल पारंपरिक डिग्री रोजगार के लिए पर्याप्त नहीं है। तकनीकी जानकारी, व्यावसायिक दक्षता और व्यावहारिक अनुभव युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नई योजना के जरिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर रोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top