उत्तराखंड

भूस्खलन से गौशाला ध्वस्त, चार मवेशी मलबे में जिंदा हुए दफन..

भूस्खलन से गौशाला ध्वस्त, चार मवेशी मलबे में जिंदा हुए दफन..

बारिश और भूस्खलन के कारण केदारनाथ हाईवे जगह-जगह रहा बंद..

बद्रीनाथ हाईवे के सिरोबगड़ में ऊपरी पहाड़ी से लगातार भूस्खलन होने से आवाजाही में हो रही परेशानी

 

 

 

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग। पहाड़ों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। जनपद के दूरस्थ बुढ़ना गांव में बारिश के बाद हुये भूस्खलन से एक गौशाला ध्वस्त हो गई और चार मवेशी मलबे में जिंदा दफन हो गये। वहीं केदारनाथ हाईवे चार स्थानांे पर बंद रहा। केदारनाथ हाईवे के जगह-जगह बंद होने से केदारनाथ धाम से आने-जाने वाले तीर्थ यात्रियों के साथ ही स्थानीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

इसके अलावा बद्रीनाथ हाईवे के सिरोबगड़ में लगातार ऊपरी पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में यहां पर सफर करना खतरे से खाली नहीं रह गया है।
पहाड़ों में अब बारिश के बाद भूस्खलन होने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं अधिक हो रही हैं। जनपद के दूरस्थ गांव बुढ़ना में बारिश के बाद हुये भूस्खलन के कारण ग्रामीण आशा लाल की गौशाला ध्वस्त हो गई और गौशाला के अंदर बंधे चार मवेशी मलबे में जिंदा दफन हो गये।

सूचना के बाद डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और पोकलैंड मशीन की मदद से गौशाला के ऊपर गिरे मलबे को साफ किया। करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गौशाला से मलबा हटाया गया और मलबे में दबे मवेशियों को बाहर निकाला गया।

वहीं दूसरी ओर बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर भी जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। हाईवे के रामपुर, सिल्ली, बांसबाड़ा, मुनकटिया आदि स्थानों पर मलबा और बोल्डर आने से हाईवे बंद रहा। कुछ स्थानों पर राजमार्ग को दो से तीन घंटों में खोला गया, लेकिन रामपुर में भारी मात्रा में आये मलबे को हटाने में करीब नौ घंटे का समय लग गया। राजमार्ग के खुलने के बाद स्थानीय लोगों के साथ ही केदारनाथ, तुंगनाथ व मदमहेश्व की यात्रा में जाने वाले तीर्थयात्रियों ने राहत की सांस ली। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बुढ़ना गांव में गौशाला ध्वस्त होने की सूचना मिलने के बाद तुरंत डीडीआरएफ की टीम को रवाना किया गया।

यहां चार मवेशी जिंदा दफन हो गये थे। वहीं उन्होंने बताया कि केदारनाथ हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन होने के कारण बंद हाईवे बंद रहा। राजमार्ग के जिन-जिन स्थानों पर मलबा और बोल्डर आया था, वहां मशीनों की मदद से साफ कर दिया गया है। राजमार्ग पर आवाजाही सुचारू रूप से हो रही है।

 

 

 

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top