रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के तल्लानागपुर पट्टी के ग्राम पंचायत सणगू में पति ने अपनी पत्नी की डंडे और तेज धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी फरार है। राजस्व पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है। मृतका अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई है। हत्याकांड के बाद से गांव व पूरे क्षेत्र में ग्रामीणों में दशहत का माहौल बना हुआ है।
सोमवार दोपहर को सणगू गांव निवासी कक्षा१०वीं में पढऩे वाली रूपा घर लौटी तो देखा के उसके पिता इंद्रसेन उसकी माता कमला देवी (३५) की पिटाई कर रहा था। उसके हाथ में डंडा और धारदार हथियार भी था। इस दौरान आरोपी अपनी बेटी पर भी हथियार लेकर मारने दौड़ा। लेकिन वह तेजी से भाग गई। इस दौरान उसके हाथ पर हल्की चोट लग गई थी। वह भागते हुए ग्राम प्रधान के घर पहुंची और उन्हें घटना से अवगत कराया। कुछ देर में ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीण रूपा के साथ उसके घर पर गए। अंदर कमरे में देखा तो उसकी मां कमला देवी लहुलहुहान मृत पड़ी थी। ग्राम प्रधान की सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक दुर्गा सिंह रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतका के बच्चों से बातचीत की।
राजस्व उप निरीक्षक ने बताया कि यह सीधे हत्या का मामला है। महिला के सिर पर डंडे से चोट और गले पर धारदार हथियार के निशान हैं। उन्होंने शव को कब्जे में लेते हुए ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा भरा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। दोपहर तक यह मामला इतना बड़ गया कि पति ने पत्नी के सिर पर डंडे से कई हमले किए और फिर धारदार हथियार से गले पर वार कर दिया, जिससे महिला वहीं पर ढेर हो गई।