जब पोस्टमॉर्टम से ठीक पहले ‘जिंदा’ हो गया शख्स, डॉक्टर भी हुए हैरान..
देश-विदेश: कर्नाटक में उस वक्त डॉक्टर हैरान हो गए, जब डॉक्टरों के सामने एक मृत व्यक्ति जिंदा हो गया। आपको बता दे कि मोटरसाइकल एक्सीडेंट में घायल एक शख्स को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था, जिसके बाद उसका पोस्टमॉर्टम करने के लिए बॉडी टेबल पर रखी गयी थी। जैसे ही डॉक्टर्स पोस्टमॉर्टम करने के लिए तैयार हुए, वैसे ही उसके शरीर में हलचल दिखी, जिसके बाद उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सेहत में सुधार है। इस बात की जानकारी खुद स्वास्थ्य अधिकारी ने दी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कर्नाटक के महालिंगपुर शहर का रहने वाला 27 वर्षीय शख्स दुर्घटना में घायल हो गया था। गंभीर हालत में उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और उसे वेंटिलेटर से हटा दिया।
इसके बाद परिवारवाले उसे नजदीक के सरकारी अस्पताल में ले गए, जहां उसका सोमवार को पोस्टमॉर्टम होना था। इस बीच परिवार ने भी उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली थी। लेकिन पोस्टमॉर्टम शुरू होने से ठीक पहले डॉक्टरों ने शव में हलचल देखी। रिश्तेदारों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि डॉक्टरों ने शव को ऑटोप्सी टेबल पर हलचल करते देखा।
एक सरकारी स्वास्थ्य अधिकारी ने घटना की पुष्टि की और बताया कि घायल व्यक्ति को तुरंत दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा हैं। अधिकारी ने कहा कि प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टरों ने सही निर्णय नहीं लिया और सीधे उन्होंने उसे वेंटिलेटर से हटा दिया और उसे मृत घोषित कर दिया। अभी तक परिवार ने कोई औपचारिक शिकायत नहीं दर्ज कराई है।