उत्तराखंड

रामनगर जा रही बस पलटने से आठ लोग बुरी तरह घायल..

रामनगर जा रही बस पलटने से आठ लोग बुरी तरह घायल
बोलेरो को पास देते समय यात्रियों से भरी बस सड़क पर पलट गई

उत्तराखंड : आदर्श कंपनी की बस मरचूला-मौलेखाल मोटर मार्ग पर झड़गांव के पास बोलेरो को पास देते समय सड़क पर पलट गई। नागचूलाखाल से रामनगर की तरफ जा रही बस दुर्घटना में आठ लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से छह घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल में भर्ती किया गया। तीन घायलों की गंभीर हालत देख उन्हें रामनगर के लिए रेफर किया गया है। बस में 19 लोग सवार थे। आदर्श कंपनी की बस यूके 07-पीए-0588 बृहस्पतिवार की सुबह नागचूलाखाल से रामनगर जा रही थी। करीब साढे़ दस बजे मरचूला-मौलेखाल मोटर मार्ग पर झड़गांव के पास बोलेरो को पास देते वक्त बस सड़क पर पलट गई, जिस स्थान पर बस पलटी है वह डेंजर जोन है।

यदि बस एक पलटी और लेती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस में 19 लोग सवार थे। दुर्घटना में नागचूला खाल निवासी दिनेश सिंह रावत (35), उसकी पत्नी लीला देवी (28), बच्चे कुनाल सिंह (05) और अनिल रावत (07) के अलावा नैन सिंह (40) पुत्र पान सिंह निवासी रिवाली, गोविंद सिंह (70) पुत्र उमेद सिंह निवासी झड़गांव, नंदराम (73) पुत्र बचीराम निवासी बसौली, सुरेंद्र सिंह (35) पुत्र मोहन सिंह निवासी घचकोट घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल लाया गया।

108 एंबुलेंस और प्रशासन के देर से पहुंचने पर नाराजगी

पांच घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। दिनेश रावत की हालत को देखते हुए उसे रामनगर के लिए रेफर कर दिया है। घायल नंद राम, सुरेंद्र सिंह को घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार देकर वहीं से रामनगर के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को मामूली चोट आई है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बस पलटने की सूचना 108, पुलिस, तहसील प्रशासन को समय पर दे दी थी। लोगों का आरोप है कि 108 सेवा सूचना देने के डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची।

पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारी भी काफी देर से घटनास्थल पर पहुंचे। तब तक स्थानीय लोगों ने घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचा दिया था। सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत चौधरी ने 108 और पुलिस, तहसील प्रशासन के अधिकारियों के देर से घटनास्थल पर पहुंचने पर नाराजगी जताई है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top