कार्यकर्ताओं को केन्द्र की उपलब्धियों से आम जनता को अवगत कराना चाहिये
कार्यकर्ताओं की असली परीक्षा अब
भाजपा जिला कार्य समिति की बैठक
रुद्रप्रयाग। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने चार वर्ष के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास कार्य कर सबकी सोच को बदला है और कार्यकर्ताओं को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को आम जनता के सामने मजबूती के साथ रखना चाहिये। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुये कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को जन्म दिया है और भाजपा ने भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अभी से स्थानीय निकाय, लोकसभा एवं त्रिस्तरीय पंचायत की तैयारियों में जुट जाना चाहिये और कार्यकर्ताओं की अग्नि परीक्षा अब शुरू हो चुकी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में आयोजित जिला कार्य समिति की बैठक को संबोधित करते हुये भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। केन्द्र के चार साल के कार्यकाल में एक भी भ्रष्टाचार उचागर नहीं हुआ है। नोटबंदी से देश की गरीब जनता को फायदा पहुंचा और बड़े-बड़े भ्रष्टाचारियों को नोटबंदी से गहरा झटका लगा। बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओं, स्वच्छ भारत – विकसित भारत का नारा देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को आगे बढ़ाया। भाजपा के पूर्व मंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि देश में डेढ़ करोड़ कन्या धन योजना खाते खोले गये और चार करोड़ गरीब परिवारों को उज्वला गैस कनेक्शन दिये गये। चार साल के कार्यकाल में केन्द्र सरकार ने 105 योजनाओं को लागू कर देश की जनता को आत्मनिर्भर करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लिये केन्द्र सरकार की दो सबसे बड़ी उपलब्धियां चार धाम परियोजना (आॅल वेदर रोड़) और ऋषिकेश से कर्णप्रयाग रेलवे लाइन, जिस पर तेज गति से कार्य चल रहा है और उत्तराखण्ड के चार धामों को रेल से जोड़ने के लिये भी केन्द्र सरकार ने हरी झंडी दे दी है। भारतमाला योजना लागू कर उत्तराखण्ड की सीमाओं को जोड़ने के लिये सड़कों का निर्माण केन्द्र सरकार करने जा रही है। कार्यकर्ताओं के पास केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की अनेकों योजनाओं के प्रचार-प्रसार करने का मौका है।
भाजपा विधायक भरत सिंह चौधरी ने डेढ़ साल के कार्यकाल में रुद्रप्रयाग विधानसभा में किये गये कार्यों को कार्यकर्ताओं के सम्मुख रखा और कहा कि रुद्रप्रयाग विधानसभा के विकास के लिये कारपोरेट जगत से सहयोग लिया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने कहा कि संगठन में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंन कार्यकर्ताओं को चेताया कि कुछ चंद कार्यकर्ता संगठन में रहकर चुनाव के दौरान दूसरे दलों के लिये कार्य करते हैं।
इस अवसर पर 15 यूथ एथेलेटिक्स चैम्पियनशिप प्रतियोगिता की दस हजार मीटर वाकिंग दौड़ में रजत पदक विजेता रहे अंकित सिंह और उसके माता-पिता को सम्मानित किया गया। कार्यसमिति की बैठक में पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुदर्शन सिंह रौथाण, पूर्व प्रधानाचार्य आदित्यराम पुरोहित ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजयुमो युवा नगराध्यक्ष पद पर प्रवीन सेमवाल,, ग्रामीण मंगी लाल और भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष की संस्तुति पर शशि नौटियाल को भाजपा महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष नामित किया गया। इस अवसर पर गढ़वाल लोकसभा पूर्णकालिक डाॅ संजय, भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य डाॅ आशुतोषि किमोठी, वाचस्पति सेमवाल, बचन सिंह रावत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री अजय सेमवाल व अनूप सेमवाल ने संयुक्त रूप से किया।