खेल

20 साल बाद फिर विश्व चैंपियन बना फ्रांस

20 साल बाद फिर विश्व चैंपियन बना फ्रांस, फाइनल में क्रोएशिया को 4-2 से रौंदा

खेल : फ्रांस ने रविवार को मॉस्को के लुजिन्हकी स्टेडियम पर फाइनल मुकाबले में क्रोएशिया को 4-2 से रौंदते हुए फीफा विश्व कप 2018 का खिताब जीता। फ्रांस ने फुटबॉल इतिहास में दूसरी बार विश्व कप का खिताब जीता। इससे पहले वह 1998 में चैंपियन बना था। तब ब्राजील को हराते हुए यूरोप की यह महाशक्ति (फ्रांस) फुटबॉल का सिरमौर बनी थी।
फ्रांस अब उन देशों के स्पेशल क्लब में शामिल हो गया है, जिसने एक से अधिक बार विश्व कप खिताब जीता। बता दें कि फ्रांस ऐसा छठा देश बन गया है, जो एक या अधिक बार विश्व चैंपियन बना हो। इससे पहले ब्राजील (5), जर्मनी (4), इटली (4), अर्जेंटीना (2) और उरुग्वे (2) यह कमाल कर चुके हैं।

मॉस्को के लुजिन्हकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच का पहला गोल 18वें मिनट में फ्रांस के खाते में आया। यह एक आत्मघाती गोल था, जो क्रोएशिया के मारियो मैंडजुकिच के हेडर से आया। ठीक 10 मिनट बाद क्रोएशिया ने मैच में जोरदार वापसी की। क्रोएशिया के इवान पेरिसिच ने 28वें मिनट में जबरदस्त गोल दागा।

खेल में अभी 11 मिनट और बढ़े ही थे कि VAR के इस्तेमाल से फ्रांस को एक पेनल्टी मिल गई। इवान पेरिसिच के हैंडबॉल फाउल से मिले इस सुनहरे अवसर को भुनाते हुए एंटोनी ग्रीजमैन ने फ्रांस को 2-1 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक फ्रांस 2-1 के स्कोर के साथ क्रोएशिया से आगे था।

फिर 59वें मिनट में पॉल पोग्बा ने तो 65वें मिनट में युवा खिलाड़ी मबापे ने शानदार गोल दागकर फ्रांस को 4-1 की बड़ी बढ़त दिला दी। हालांकि इसके कुछ मिनट बाद ही फ्रांस के गोलकीपर लॉरिस की गलती के चलते क्रोएशिया के मारियो मैंडजुकिच ने एक आसान गोल दागकर स्कोर अपनी टीम को मैच में वापसी कराने की कोशिश की। मगर इसके बाद पूरे मैच में क्रोएशिया कोई कमाल नहीं दिखा पाया और अपने पहले विश्व कप से चूक गया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top