खेल

महिला एशिया कप- भारत ने बांग्लादेश को चटाई धूल..

महिला एशिया कप- भारत ने बांग्लादेश को चटाई धूल..

40 रन की जीत के साथ फाइनल में एंट्री..

 

 

 

उत्तराखंड: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश को 40 रन से हराकर महिला एशिया कप के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम सात विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी। भारत की जीत में सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा की तेजतर्रार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन की अहम भूमिका रही। खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का सामना श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

शेफाली की तूफानी पारी ने संभाला स्कोर

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत को शुरुआती झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा, जो सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा ने पारी को संभालते हुए बांग्लादेशी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। शेफाली ने महज 40 गेंदों पर 64 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से सात चौके और तीन छक्के निकले। उन्होंने 35 गेंदों में अपना 20वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक पूरा किया। शेफाली को हालांकि पारी के दौरान कई बार जीवनदान भी मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। ऋचा घोष ने 21 और प्रतिका रावल ने 20 रन बनाए। दीप्ति शर्मा ने 13 रन का योगदान दिया, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर 24 रन बनाकर नाबाद रहीं।

बांग्लादेश की खराब फील्डिंग का भी मिला फायदा

भारतीय पारी के दौरान बांग्लादेश की फील्डिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम ने चार कैच टपकाए और भारतीय बल्लेबाजों को इसका फायदा मिला।भारत ने पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 45 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद बांग्लादेशी गेंदबाजों ने रन गति पर कुछ हद तक अंकुश लगाया। बांग्लादेश के लिए सुल्ताना खातून ने दो विकेट लिए, जबकि मारूफा अख्तर, नाहिदा अख्तर और राबिया खान को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाया बांग्लादेश

150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम ने शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने जल्द ही वापसी करते हुए नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। नंदिनी शर्मा को दो सफलता मिली, जबकि श्री चरणी और प्रेमा रावत ने एक-एक विकेट चटकाया। बांग्लादेश की ओर से शोर्ना अख्तर ने 22 रन बनाकर नाबाद पारी खेली। दिलारा अख्तर ने 21, कप्तान निगार सुल्ताना ने 19 और शोभना मोस्तारी ने 18 रन बनाए। जुआरिया फेरदोस और फाहिमा खातून ने 14-14 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन ही बना सकी।

भारत की नजर आठवें एशिया कप खिताब पर

फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारतीय महिला टीम के पास एशिया कप में अपना दबदबा कायम रखने का एक और मौका है। भारत अब तक सात बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुका है। भारतीय टीम ने 2004, 2005, 2006 और 2008 में वनडे प्रारूप में एशिया कप जीता था। इसके बाद 2012, 2016 और 2022 में टी20 प्रारूप में टीम चैंपियन बनी। हालांकि 2018 और 2024 के फाइनल में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। अब टीम की नजर आठवीं ट्रॉफी पर है और इसके लिए फाइनल में उसे श्रीलंका या पाकिस्तान में से किसी एक टीम की चुनौती का सामना करना होगा।

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top