ई-चालान के नाम पर ठगी रोकने को उत्तराखंड पुलिस का नया कदम..
अब ऐप से भरें चालान..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में ट्रैफिक चालान के नाम पर होने वाली साइबर ठगी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने डिजिटल भुगतान की सुविधा को और आसान बनाया है। अब वाहन मालिक आधिकारिक वेबसाइट के अलावा Paytm, PhonePe और Google Pay जैसे पेमेंट ऐप के जरिए भी अपने ट्रैफिक चालान का भुगतान कर सकेंगे। इसके लिए ई-चालान पोर्टल को इन ऐप्स से जोड़ा गया है। इस व्यवस्था का मकसद लोगों को फर्जी लिंक के जरिए होने वाली ऑनलाइन ठगी से बचाना और चालान भुगतान की प्रक्रिया को सुरक्षित बनाना है। पिछले कुछ समय से साइबर अपराधी ट्रैफिक चालान के नाम पर वाहन मालिकों को निशाना बना रहे हैं। ठग मोबाइल पर ऐसे मैसेज भेजते हैं, जिनमें चालान जमा करने के लिए लिंक दिया होता है। ये लिंक देखने में सरकारी वेबसाइट जैसे लगते हैं, लेकिन इन पर क्लिक करने से लोग फिशिंग का शिकार हो सकते हैं। ऐसे मामलों में अपराधी बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और निजी डेटा हासिल कर लोगों के पैसे निकाल लेते हैं। नई सुविधा के तहत अब वाहन मालिक किसी अनजान मैसेज में दिए गए लिंक पर जाने के बजाय सीधे अपने पेमेंट ऐप से चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
ऐप पर वाहन नंबर डालते ही दिखेगा चालान
चालान का भुगतान करने के लिए वाहन मालिक को अपने पेमेंट ऐप में जाकर ट्रैफिक चालान से संबंधित विकल्प चुनना होगा। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस का विकल्प चुनकर वाहन नंबर दर्ज करना होगा। यदि वाहन पर कोई चालान लंबित है, तो उसकी जानकारी देखी जा सकेगी और ऐप के जरिए ही भुगतान किया जा सकेगा। पुलिस के अनुसार, डिजिटल माध्यम से भुगतान करने पर संबंधित राशि और भुगतान की जानकारी ई-चालान डेटाबेस में अपने आप अपडेट हो जाएगी। इससे भुगतान की प्रक्रिया आसान होने के साथ ही लंबित चालानों के निस्तारण में भी मदद मिलेगी। पुलिस का कहना हैं कि इस सुविधा के माध्यम से अब तक 572 चालानों का भुगतान किया जा चुका है। इनसे कुल 6 लाख 9 हजार 100 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। हालांकि, पेमेंट ऐप के जरिए भुगतान करने पर प्रति चालान लगभग 3 से 4 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लग सकता है। कुछ थर्ड पार्टी ऐप चालान की मूल राशि के अलावा अन्य शुल्क लेते हैं। ऐसे में भुगतान करने से पहले ऐप की विश्वसनीयता और लगने वाले शुल्क की जानकारी जांचना जरूरी है।
चालान भरने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
उत्तराखंड ट्रैफिक पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे चालान का भुगतान केवल आधिकारिक माध्यमों से करें। इसके लिए परिवहन विभाग की वेबसाइट https://echallan.parivahan.nic.inया उपलब्ध आधिकारिक पेमेंट ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। मोबाइल पर आए किसी अनजान लिंक पर क्लिक करके चालान का भुगतान न करें चालान की जानकारी देखने के लिए सीधे आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय पेमेंट ऐप खोलें। किसी अनजान वेबसाइट पर बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। भुगतान करने से पहले चालान की राशि और अतिरिक्त शुल्क की जांच कर लें। साइबर ठगी से बचने के लिए जरूरी है कि वाहन मालिक चालान का मैसेज मिलने पर जल्दबाजी न करें और भुगतान से पहले उसके स्रोत की पुष्टि जरूर करें।

