दिल्ली के 11 पर्यटक मुनस्यारी खलियाटॉप में फंसे, रेस्क्यू के लिए टीम हुई रवाना
मुनस्यारी : मुनस्यारी घूमने आया दिल्ली के पर्यटकों का एक दल खलियाटॉप के भैंसियाताल में फंस गया। सूचना के बाद एसडीएम ने पर्यटकों की मदद के लिए राजस्व पुलिस को भेज दिया है। राजस्व पुलिस के साथ मोनाल संस्था के कार्यकर्ता भी गए हैं। दिल्ली से आया पर्यटकों का 11 सदस्यीय एक दल घूमने के लिए खलियाटॉप से तीन किमी आगे भैंसियाताल गया था।
लौटते वक्त अंधेरा होने पर दल के सदस्य रास्ता भटकने से फंस गए। इसके बाद दल के एक सदस्य ने डीडीहाट के उपजिलाधिकारी वैभव गुप्ता को फोन पर जंगल में फंसने की सूचना दी। इसके बाद उप जिलाधिकारी ने तुरंत राजस्व विभाग के कर्मियों को मौके पर जाने के निर्देश दिए। राजस्वकर्मी मोनाल संस्था के कार्यकर्ताओं के साथ मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
उपजिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि जिस नंबर से कॉल आई थी उस नंबर पर पूछताछ के लिए जब कॉल की गई तो वह नंबर लगातार नॉट रीचेबल आ रहा है। उन्होंने बताया कि फंसे हुए पर्यटकों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।