उत्तराखंड

चारधाम यात्रा में लौटी रौनक, श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह..

चारधाम यात्रा में लौटी रौनक, श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह..

 

 

उत्तराखंड: प्रतिष्ठित चारधाम यात्रा एक बार फिर से रफ्तार पकड़ रही है और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई ऊर्जा मिली है। इसकी जानकारी स्वयं राज्य के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को दी। मंत्री सतपाल महाराज का कहना हैं कि यात्रा पूरी तरह सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों में भक्तों की उपस्थिति से राज्य में धार्मिक आस्था और पर्यटन दोनों का संगम देखा जा रहा है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि हाल ही में भारत-पाक संघर्षविराम के बाद हालात सामान्य हो गए हैं, जिसका सीधा सकारात्मक असर चारधाम यात्रा पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब माहौल शांतिपूर्ण होने के कारण श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। उनका कहना हैं कि राज्य सरकार यात्रियों की सुरक्षा, आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है, ताकि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित और श्रद्धा से परिपूर्ण हो। 30 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा के लिए अब तक 29 लाख से अधिक यात्री पंजीकरण करवा चुके हैं, जबकि 8 लाख श्रद्धालु अब तक धामों के दर्शन का लाभ ले चुके हैं।

GMVN को मिली 12 करोड़ से अधिक की बुकिंग..

राज्य सरकार द्वारा संचालित GMVN के गेस्ट हाउसों और पर्यटक आवास गृहों में भारी बुकिंग दर्ज की गई है, जो पर्यटन क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। GMVN अधिकारियों के अनुसार फरवरी 2025 से लेकर अब तक निगम को 12.68 करोड़ रुपये से अधिक की बुकिंग प्राप्त हुई है। यह आंकड़ा तीर्थाटन और पर्यटन क्षेत्र में राज्य की बढ़ती लोकप्रियता और प्रशासनिक प्रबंधन की सफलता को दर्शाता है। GMVN की इस रिकॉर्ड बुकिंग का मुख्य कारण चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की जबरदस्त वापसी है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पहले ही स्पष्ट किया था कि यात्रा अब पूरी तरह सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित हो रही है, और देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। GMVN द्वारा संचालित गेस्ट हाउसों में इस बार यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार और डिजिटलीकृत बुकिंग प्रणाली को भी सशक्त किया गया है। इससे यात्रियों को समय पर आवास उपलब्ध हो पा रहा है और अनुभव पहले से बेहतर हो रहा है। GMVN अधिकारियों का कहना है कि निगम आगामी महीनों में बुकिंग और बढ़ने की उम्मीद कर रहा है, क्योंकि यात्रा का मुख्य सीजन अभी भी जारी है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top