Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी, 21 फरवरी से शुरु होगी 10वीं-12वीं की परीक्षा..

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी, 21 फरवरी से शुरु होगी 10वीं-12वीं की परीक्षा..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परिषद द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार राज्य में हाईस्कूल (कक्षा 10) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। हाईस्कूल परीक्षा में कुल 1,12,679 परीक्षार्थी जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में 1,03,442 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इन सभी परीक्षार्थियों के लिए राज्यभर में 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षाओं के सुचारु और निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा अवधि के दौरान प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार इस वर्ष परीक्षा के लिए 50 एकल केंद्र और 1211 मिश्रित केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 24 नए परीक्षा केंद्र भी शामिल किए गए हैं। सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 केंद्रों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। परीक्षा पैटर्न की बात करें तो हाईस्कूल में 29 विषयों और इंटरमीडिएट में 45 विषयों की लिखित परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। परीक्षा समाप्ति के बाद सभी केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाओं को संबंधित उप-संकलन केंद्रों पर सुरक्षित रूप से जमा कराया जाएगा। परिषद का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही, परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षक और उड़नदस्तों की तैनाती की जाएगी। बोर्ड परीक्षा की तिथियों के ऐलान के साथ ही प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। शिक्षा विभाग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और सभी नियमों का पालन करें।

 

10वीं और 12वीं में संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थी होंगे शामिल..

हाईस्कूल में 110573 संस्थागत और 2106 व्यक्तिगत छात्र परीक्षा देंगे। वहीं इंटरमीडिएट में 99345 संस्थागत और 4097 व्यक्तिगत छात्र परीक्षा में शामिल होंगे।

 

21 फरवरी को इंटरमीडिएट की ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा..

 

हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 21 फरवरी को इंटरमीडिएट की ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा होगी। जबकि 23 फरवरी को हिंदुस्तानी संगीत एवं टंकण, 24 फरवरी को हाईस्कूल की हिंदी व इंटरमीडिएट की हिंदुस्तानी संगीत, 25 फरवरी को इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान एवं कृषि शस्य विज्ञान की परीक्षा होगी। परीक्षाएं 20 मार्च 2026 तक चलेंगी। अंतिम दिन हाईस्कूल की हिंदुस्तानी संगीत व व्यवसायिक ट्रेड की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक होगी। जबकि इंटरमीडिएट की संस्कृत, उर्दू व पंजाबी विषय की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होगी।

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top