Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

जीवन में लक्ष्य निर्धारित से मिलती है सफलता: चौधरी

जीवन में लक्ष्य निर्धारित से मिलती है सफलता: चौधरी
रुद्रप्रयाग महाविद्यालय का छात्र संघ उद्घाटन एवं सम्मान समारोह
छात्र पदाधिकारियों ने महाविद्यालयों की समस्याओं पर कसे तंज
बामणी गीत के लोक कलाकार नवीन सेमवाल ने बांधा समा

रुद्रप्रयाग। संघर्ष के बिना किसी भी मुकाम को हासिल नहीं किया जा सकता है। जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने से ही सफलता हासिल होती है। अच्छे समाज के लिए अच्छी शिक्षा होनी जरूरी है। जिले को शिक्षा के क्षेत्र में विकसित किये जाने के प्रयास किये जा रहे हैं। यह बात क्षेत्रीय विधायक भरत सिंह चौधरी ने रुद्रप्रयाग महाविद्यालय के छात्र संघ उद्घाटन एवं सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही।

श्री चौधरी ने कहा कि उनका मुख्य मकसद जिले को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। छात्रों के भविष्य के लिए पानी, बिजली सहित अन्य समस्याओं का समाधान किया जायेगा। साथ ही जिन महाविद्यालयों में बैठने की व्यवस्था तक नहीं है, वहां समुचित व्यवस्थाएं दी जायेंगी। कहा कि शिक्षा का स्तर बढ़ने से ही सभी समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकता है। विधायक चौधरी ने कहा कि अच्छे समाज के लिए अच्छी शिक्षा का होना जरूरी है। विकास का पहला कदम सफाई है, जिसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। कहा कि सरकार का मकसद है कि बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में नाम रोशन करें। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जा रहा है। रुद्रप्रयाग महाविद्यालय में छात्राओं की संख्या अधिक है। उन्होंने बताया कि जवाड़ी में महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 36 नाली जमीन मिली है। काॅेलज का भवन निर्माण का कार्य तेजी से करवाया जायेगा। विशिष्ट अतिथि उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उन्हें यह अभी से तय करना है कि वे आगे चलकर जीवन में क्या करना चाहते हैं।

समय से किये गये कार्यों से आगे चलकर सफलता मिलती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य विश्वनाथ खाली ने कहा कि छात्रों को अपने जीवन में लक्ष्य का निर्धारण करना चाहिए। लक्ष्य निर्धारित करने से ही छात्र अपना मुकाम हासिल कर सकते हैं। कर्म करने से ही फल की प्राप्ति होती है। जय हो संगठन के संस्थापक सदस्य राकेश मोहन बिष्ट ने कहा कि रुद्रप्रयाग की जनता का यह सपना महाविद्यालय के रूप में पूर्ण तो हुआ है, लेकिन महाविद्यालय में समस्याओं का अम्बार लगा है। महाविद्यालय का अपना भवन आज तक नहीं बन पाया है। उन्होंने विधायक श्री चौधरी से आशा एवं अपेक्षा जताई कि महाविद्यालय के विकास के लिए बड़ा कदम उठाया जाय।

छात्र संघ अध्यक्ष आशीष कप्रवाण ने कहा कि महाविद्यालय की कक्षाएं बालिका इंटर काॅलेज के पुराने भवन में संचालित हो रही है, जिस कारण छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने विधायक के समक्ष मांग रखी कि काॅलेज का भवन एवं शिक्षक की मांग को पूरा किया जाय। कार्यक्रम के दौरान छात्र नेता विक्रांत चौधरी ने महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान न होने पर शायरी के माध्यम से जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन पर तंज कसे। वहीं कार्यक्रम में मेरी बामणी गीत से प्रसिद्ध हुए लोक कलाकार नवीन सेमवाल ने अपने गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर छात्र-छात्राओं ने जमकर लुत्फ उठाया। इसके अलावा छात्रों ने कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।

इस मौके पर बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल, जय हो संगठन के संस्थापक सदस्य राकेश मोहन बिष्ट, कांग्रेस यूथ जिलाध्यक्ष संतोष रावत, बंटी जगवाण, जगमोहन रावत, रजनी रौथाण, उपाध्यक्ष नीरज बिष्ट, छात्र नेता विक्रांत चैधरी तनुजा नेगी, वंदना पंवार, पूनम कठैत, सपना बिष्ट, शिवानी बिष्ट, सूरज कप्रवाण, कविता कप्रवाण, पूजा कप्रवाण, प्रियंका कप्रवाण सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र मौजूद थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top