उत्तराखंड

उत्तराखंड में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई- सीएम धामी..

उत्तराखंड में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई- सीएम धामी..

 

 

उत्तराखंड: देहरादून जनपद के सहसपुर क्षेत्र में हुई घटना को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड की शांति, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को सरकार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की हिंसा या अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ शांतिप्रिय प्रदेश है, जहां भाईचारे और सामाजिक समरसता की परंपरा रही है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति या समूह कानून को चुनौती देने अथवा समाज में तनाव पैदा करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सहसपुर में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। प्रशासन को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। सीएम ने भरोसा दिलाया कि जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेने का प्रयास करेगा तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा साफ है कि अपराधियों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ ऐसा संदेश जाए जिससे भविष्य में कोई भी इस प्रकार की हरकत करने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ सख्ती बरती जाए। सीएम ने कहा कि सरकार प्रदेश की शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दोषियों को किसी भी स्तर पर राहत नहीं मिलेगी।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top