Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

धराली आपदा- 25 फीट मलबे में रास्ता बना रहे जवान, 200 लोग फंसे, सीएम धामी ने किया हवाई निरीक्षण..

धराली आपदा- 25 फीट मलबे में रास्ता बना रहे जवान, 200 लोग फंसे, सीएम धामी ने किया हवाई निरीक्षण..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के बाद हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। गांव के बीचोंबीच करीब 200 ग्रामीण फंसे हुए हैं, जिन तक पहुंचने के लिए आईटीबीपी और आर्मी के जवान युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार राहत टीमों के सामने सबसे बड़ी चुनौती करीब 25 फीट ऊंचे मलबे से रास्ता बनाना है। जवान फंसे ग्रामीणों तक पहुंचने के लिए अस्थाई पुलिया निर्माण का प्रयास भी कर रहे हैं, ताकि राहत सामग्री पहुंचाई जा सके और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। आपदा के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाए।

सीएम धामी ने कहा कि भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों सहित हमारी सभी एजेंसियां राहत कार्य में जुटी हुई हैं। कल 130 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। तलाशी और बचाव अभियान अब भी जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारी मलबा, टूटी सड़कें और क्षतिग्रस्त पुल राहत टीमों के घटनास्थल तक पहुंचने में बाधा बन रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सभी टीमें पूरे समर्पण से कार्य कर रही हैं। देहरादून स्थित राज्य आपदा संचालन केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है, जो मौके पर हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं, जो लगातार हालात की जानकारी ले रहे हैं। आज भी पीएम मोदी ने राहत और बचाव अभियान का अपडेट लिया और हर जरूरी सहयोग का आश्वासन दिया।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में आई आपदा को लेकर ताज़ा जानकारी साझा की है। उनका कहना हैं कि राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाई गई है और 10 डीएसपी, 3 एसपी और लगभग 160 पुलिस अधिकारी मौके पर तैनात हैं। सभी टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं ताकि किसी भी फंसे व्यक्ति को समय पर सहायता मिल सके। भारतीय सेना के हेलीकॉप्टर भी राहत कार्यों के लिए तैयार रखे गए हैं। जैसे ही मौसम अनुकूल होगा, हेलीकॉप्टरों की मदद से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। सीएम ने जानकारी दी कि राहत सामग्री के रूप में खाद्यान्न पैकेट तैयार किए गए हैं, जिन्हें जल्द ही जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही डॉक्टरों की एक विशेष टीम भी तैनात कर दी गई है, जो घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार देगी। धराली क्षेत्र में अभी भी मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, जिससे संचार व्यवस्था बाधित हो गई है। हालांकि, प्रशासन की ओर से लोगों तक संपर्क स्थापित करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बिजली व्यवस्था को बहाल करने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। सीएम धामी ने आश्वासन दिया कि हम सभी को सुरक्षित बचाने के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। राहत कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। हमारी पूरी मशीनरी सक्रिय है और प्रधानमंत्री मोदी जी भी हर पल अपडेट ले रहे हैं।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top