देहरादून बना क्राइम स्पॉट? सिल्वर सिटी के पास युवक की गोली मारकर हत्या..
उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने न सिर्फ पुलिस व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं, बल्कि आम लोगों के मन में भी असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। दिनदहाड़े हो रही वारदातें और अपराधियों के बढ़ते हौसले यह संकेत दे रहे हैं कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर पुनर्विचार की जरूरत है। कुछ दिनों के भीतर हुई कई हत्याओं ने हालात की गंभीरता को और उजागर कर दिया है, जिससे राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छिड़ गई है। लगातार हो रही आपराधिक वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर बहस छेड़ दी है।
महज तीन दिन पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। वही अब सिल्वर सिटी राजपुर रोड के पास गोली चलने की खबर सामने आई है। आज सुबह राजपुर रोड सिल्वर सिटी कंपलेक्स में जिम से बाहर निकलते समय एक युवक के सिर पर गोली मार दी गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राजधानी में फिर गोलियों की गूंज से लोगों में दहशत का माहौल है। शहर में लगातार एक के बाद एक हो रही क्राइम की घटनाओं ने लोगों में दहशत है। देहरादून जिले में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। महज 14 दिन के भीतर चौथी हत्या हुई और आज फिर शहर में वारदात को अंजाम दिया गया।
इस घटना ने राजधानी में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता और गहरा दी है। इससे पहले दो फरवरी को देहरादून शहर में गुंजन हत्याकांड ने सनसनी फैला दी थी। दूल्हा बाजार क्षेत्र में सुबह के समय एक युवक ने महिला पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और विशेष जांच टीम गठित कर कम समय में चार्जशीट भी दाखिल की थी। इसी तरह 31 जनवरी को ऋषिकेश के शिवाजी नगर में 30 वर्षीय प्रीति रावत की उनके लिव-इन पार्टनर ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया कि निजी विवाद और संपत्ति को लेकर मतभेद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी को घटना के करीब 36 घंटे के भीतर सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया था।
इसके साथ ही 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 12वीं कक्षा की छात्रा मनीषा तोमर का शव शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में मिला था। छात्रा की धारदार हथियार से हत्या की गई थी, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने देहरादून जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हो रहे हत्याकांड ने यह संकेत दिया है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल राजधानी में बढ़ते अपराधों को लेकर आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती दिख रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और पुलिस इन पर प्रभावी अंकुश कब लगाएगी।