उत्तराखंड

जब 75 वर्षीय बुज़ुर्ग ने लगाई आठ किमी दौड़, बताया फ़िटनेस का राज

रन फ़ॉर उत्तराखंड में आठ किमी तक दौड़े बच्चे, बूढ़े और जवान
जिलाधिकारी ने भी सबके साथ मिलकर लगाई दौड़
रुद्रप्रयाग। खेल विभाग द्वारा युवा कल्याण विभाग एवं जनता के सहयोग से राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष पर रन फाॅर उत्तराखण्ड दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें न केवल बच्चे बल्कि बुजुर्गों के साथ व्यापारी भी आठ किमी तक दौड़े।

जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने दौड़ को हरी झण्डी ही नहीं दिखाई, बल्कि तीन किमी दौड़कर धावकों का उत्साहवर्द्धन किया। इस मौक़े पर 75 वर्षीय श्रीनंद जमलोकी आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने बिना रुके आठ किमी की दौड़ पूरी की। मौक़े पर मौजूद सभी लोग उनकी फ़िटनेस देखकर दंग रह गए। श्री जमलोकी ने बताया कि वह हर रोज सुबह उठकर एक घंटे व्यापाम और योग करते हैं। साथ ही मोर्निंग वॉक करते हैं। सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं।

हाॅकी के जादूगर मेजर ध्यान चन्द के जन्म दिवस पर खेल विभाग द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित करने के लिए इस बार विभाग द्वारा रन फाॅर उत्तराखण्ड दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ में हर आयु वर्ग की भागीदारी के लिए इसका व्यापक प्रचार प्रसार भी किया गया था। स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि से रामपुर तथा वापस स्टेडियम तक कुल आठ किमी की इस दौड़ में जहां 75 वर्षीय पूर्व प्रधान श्रीनन्द जमलोकी ने दौड़ पूरी कर अपना दम दिखाया, वहीं जिलाधिकारी ने भी तीन किमी दौड़कर सबका उत्साह बढ़ाया।

नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक खत्री, युवा कल्याण अधिकारी केएन गैरोला, व्यापार संघ के अध्यक्ष मोहन रौतेला, सचिव अनिल कोठियाल, व्यापारी सत्येन्द्र राणा आदि ने अधिकारियों, नगरवासियों एवं व्यापारियों की ओर से प्रतिनिधित्व किया तो वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने बढ़चढ़ कर इस दौड़ में प्रतिभाग किया।

दौड़ के बाद नपं अध्यक्ष द्वारा कुल 540 प्रतिभागियों में से 30 प्रतिभागियों को लक्की ड्राॅ निकाल कर पुरस्कृत किया गया। इससे पूर्व जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने दौड़ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस सद्भावना दौड़ में इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के प्रतिभाग करने पर खुशी जाहिर की। विशेषकर बड़ी संख्या में नन्हें मुन्हें बच्चों के प्रतिभाग करने पर उन्होंने इसे भविष्य के लिए शुभ संकेत माना। इस दौरान राजकीय इंटर काॅलेज अगस्त्यमुनि द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली गई और विभिन्न विद्यालयों में राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया।

इस अवसर पर पूर्व खिलाड़ी आलमसिंह नेगी, महावीर गुसाईं, बीईओ केएल रड़वाल, स्टेडियम के कोच नितिन चन्द्रा, नागेन्द्र कण्डारी, कमलेश जमलोकी, जितेन्द्र रावत, जितेन्द्र बत्र्वाल, जीपी सन्तोषी, निम के प्रशिक्षक सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ खिलाड़ी नरेन्द्र सिंह रौथाण ने किया। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी महेश आर्य ने आगन्तुक अतिथियों का स्वागत एवं आभार प्रकट किया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top