उत्तराखंड

उत्तराखंड में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की तैयारी, कानून व्यवस्था पर CM धामी का कड़ा रुख..

उत्तराखंड में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की तैयारी, कानून व्यवस्था पर CM धामी का कड़ा रुख..

 

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून में हाल ही में सामने आई आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में सीएम ने प्रदेशभर में अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जाएगा। बैठक के दौरान सीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कहा कि हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को निर्देश दिए कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए। उन्होंने प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से सघन चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति के तहत काम करने के निर्देश दिए।

सीएम ने देर रात तक संचालित हो रहे बार और पब्स पर भी सख्ती बरतने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के बाद किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही रोड रेज, फायरिंग और हुड़दंग जैसी घटनाओं पर पूर्ण नियंत्रण लगाने के लिए पुलिस को कड़े कदम उठाने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव उपाय किए जाएंगे। इससे पहले देहरादून में पूर्व ब्रिगेडियर की हत्या की घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों पर भी सख्त कदम उठाए हैं। सीएम के निर्देश पर कुठालगेट चौकी प्रभारी अशोक कुमार और उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इस कार्रवाई को सरकार की सख्त कार्यशैली का संकेत माना जा रहा है।

सीएम ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग को पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। पुलिस महानिदेशक ने भी बैठक के बाद सभी अधिकारियों को निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर में अभियान चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कसा जाएगा और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। सरकार के इस सख्त रुख के बाद यह संकेत साफ है कि राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर अब किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और अपराधियों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

आला अधिकारियों की जिम्मेदारी तय..

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा गया, साथ ही क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए।

आईजी एसटीएफ नीलेश आनन्द भरणे और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सीएम ने सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को स्वयं फील्ड में सक्रिय रहकर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने और बैरियर्स पर सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से प्रातःकालीन समय में क्षेत्राधिकारी पुलिसबल की उपस्थिति और सक्रियता बढ़ाएंगे।

सत्यापन अभियान के अंतर्गत पीजी एवं किरायेदारों का सघन सत्यापन कराने तथा होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top