उत्तराखंड

चारधाम यात्रा को लेकर विदेशी श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह, पंजीकरण ने पार किया 28 लाख का आंकड़ा..

चारधाम यात्रा को लेकर विदेशी श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह, पंजीकरण ने पार किया 28 लाख का आंकड़ा..

 

 

 

 

 

उत्तराखंड: देवभूमि उत्तराखंड में स्थित पवित्र चारधाम केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री की यात्रा को लेकर दुनियाभर में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक यात्रा के लिए पंजीकरण करने वालों की संख्या 28 लाख के पार पहुंच चुकी है। इनमें 150 से अधिक देशों के कुल 31,581 विदेशी श्रद्धालु भी शामिल हैं। बता दे कि विदेशी पंजीकरण में अमेरिका, नेपाल, मलेशिया, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के श्रद्धालु सबसे आगे हैं। जिससे यह दर्शाता है कि चारधाम यात्रा न केवल भारतवासियों के लिए एक आध्यात्मिक यात्रा है, बल्कि यह अब वैश्विक श्रद्धालुओं के लिए भी एक आकर्षण बन चुकी है।राज्य सरकार द्वारा डिजिटल रजिस्ट्रेशन और यात्रा प्रबंधन की व्यवस्था को भी सराहा जा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी यात्रा की विश्वसनीयता बढ़ी है। पर्यटन विभाग इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को वैश्विक मंच पर ले जाने का प्रमाण मान रहा है।

उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब की यात्रा अब केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरी दुनिया से श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा में आ रहे हैं। राज्य पर्यटन विभाग के अनुसार पंजीकरण का आंकड़ा 28 लाख पार कर गया है, जिसमें 150 से अधिक देशों से यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। विशेष रूप से नेपाल से यात्रियों की संख्या उल्लेखनीय रही है। अब तक 5728 श्रद्धालु नेपाल से पंजीकरण करा चुके हैं, जो किसी एक देश से आने वाले विदेशी श्रद्धालुओं में सबसे अधिक है। इसके साथ ही अमेरिका से 5864, यूके से 1559, माॅरिशस से 837, इंडोनेशिया से 327, कनाडा से 888, आस्ट्रेलिया से 1259 समेत 150 से अधिक देशों से भी हजारों की संख्या में लोग यात्रा के लिए रजिस्टर हो चुके हैं। इसके साथ ही हेमकुंड साहिब जो सिख श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पूज्य स्थल है, इस साल वैश्विक धार्मिक पर्यटन का विशेष केंद्र बनकर उभरा है। हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए पूरी दुनिया में उत्साह है। पर्यटन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह रुझान उत्तराखंड को वैश्विक धार्मिक पर्यटन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है। यात्रा पंजीकरण के नोडल अधिकारी योगेंद्र गंगवार ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने के लिए दुनिया के हर देश से लोग पंजीकरण कर रहे हैं।

अब तक 7.18 लाख कर चुके दर्शन

30 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। महज 14 दिनों में 7.18 लाख से अधिक यात्री केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के दर्शन कर चुके हैं। ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली के सभी स्लॉट पूरी तरह फुल हो जाने के कारण अब श्रद्धालु ऑफलाइन पंजीकरण की ओर रुख कर रहे हैं। हरिद्वार, ऋषिकेश, हरबर्टपुर, विकासनगर इन सभी केंद्रों पर प्रतिदिन 18,000 से अधिक पंजीकरण किए जा रहे हैं, जिससे वहां भारी भीड़ और लंबी कतारें देखी जा रही हैं। पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ऑनलाइन स्लॉट की सीमित उपलब्धता और तकनीकी कारणों के चलते श्रद्धालु बड़ी संख्या में ऑफलाइन मोड चुन रहे हैं। प्रशासन पंजीकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रहा है। यह यात्रा न केवल धार्मिक भावनाओं का प्रतीक बन चुकी है, बल्कि उत्तराखंड की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक छवि को भी वैश्विक स्तर पर मज़बूती प्रदान कर रही है।

विदेशों से चारधामों के लिए पंजीकरण की संख्या..
धाम                            पंजीकरण
केदारनाथ                      11576
बद्रीनाथ                          9320
गंगोत्री                            5542
यमुनोत्री                         4869
हेमकुंड साहिब                 274

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top