चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आज से शुरू..
17 अप्रैल से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन, प्रशासन ने तेज की तैयारियां..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में होने वाली आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य के पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह 7 बजे से चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप के माध्यम से शुरू हो गया है। पर्यटन विभाग के अनुसार इस वर्ष चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से होगा। यात्रा की शुरुआत के साथ ही 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे, जबकि 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है ताकि यात्रा व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सके।
श्रद्धालु 6 मार्च से राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट http://registrationandtouristcare.uk.gov.in या मोबाइल एप Tourist Care Uttarakhand के माध्यम से आसानी से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के जरिए पंजीकरण कर सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही जिन श्रद्धालुओं को ऑनलाइन पंजीकरण में दिक्कत होती है, उनके लिए 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।
इसके लिए प्रमुख ट्रांजिट कैंपों में पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जिनमें ऋषिकेश, ऋषिकुल मैदान हरिद्वार और विकासनगर शामिल हैं। यात्रियों को किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन विभाग ने 24 घंटे सक्रिय टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 भी जारी किया है। राज्य सरकार का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के चारधाम यात्रा में शामिल होने की संभावना है। ऐसे में यात्रा प्रबंधन को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को अनिवार्य रखा गया है।