Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

सीएमएस ने चिकित्सालय संचालन के लिए किया निरीक्षण

निरीक्षण

स्वास्थ्य विभाग को मिला माधवाश्रम अस्पताल कोटेश्वर
विभाग ने शुरू की चिकित्सालय संचालन की तैयारी
रुद्रप्रयाग। स्वामी माधवाश्रम अस्पताल कोटेश्वर को राजकीय चिकित्सालय का दर्जा देने संबंधी स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव को कैबिनेट में हरी झंडी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की तैयारियों की कवायद शुरू कर दी है। चिकित्सालय के शीघ्र संचालन के लिए गुरूवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ एसके झा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चिकित्सा का निरीक्षण किया।
दरअसल, गत वर्ष जुलाई माह में ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम धर्मार्थ ट्रस्ट ने कोटेश्वर में संचालित अपने चिकित्सालय को स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से संचालित करवाने का प्रस्ताव दिया था। जिसे लेकर स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय द्वारा शासन को पत्र प्रेषित कर प्रस्ताव भेजा गया था। बुधवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक में उक्त प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उक्त चिकित्सालय को शीघ्र शुरू करने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ एसके झा व प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ डीएस रावत ने चिकित्सालय के प्रमुख भवन, आवासीय भवन, ओटी, ओपीडी वार्ड, आईपीडी वार्ड, आईसीयू, औषधी भंडार, एक्स-रे कक्ष, सिटी स्केन मशीन आदि उपकरणों समेत रोगी वाहनों का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण में चिकित्सालय के संचालनन के लिए भवन की मरम्मत व साफ सफाई, बिजली, पानी की व्यवस्था के साथ संपर्क मार्ग के मरम्मतीकरण की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय के शीघ्र संचालन के दृष्टिगत जरूरी कार्यों के लिए प्रस्ताव व आंगणन तैयार कर महानिदेशालय को भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वामी माधवाश्रम अस्पताल, कोटेश्वर को राजकीय चिकित्सालय का दर्जा मिलने से जनपद स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के पास स्थान की कमी भी दूर हो जाएगी। बताया कि स्वामी माधवाश्रम अस्पताल, कोटेश्वर के संचालन होते ही अस्थि रोग विभाग, नेत्र रोग विभाग, दंत रोग विभाग, सर्जरी, टीबी क्लीनिक, आयूष विंग, प्रतिरक्षण अनुभाग, सीएमएसडी स्टोर, प्रतिरक्षण अनुभाग, आईडीएसपी अनुभाग को जिला चिकित्सालय से चिकित्सालय में शिफ्ट किया जाना प्रस्तावित है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top