उत्तराखंड

औली में दो अलग-अलग स्लोप पर कराई जाएंगी राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिताएं..

औली में दो अलग-अलग स्लोप पर कराई जाएंगी राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिताएं..

 

 

 

उत्तराखंड: औली में मुख्य नंदा देवी स्लोप पर बर्फ के तेजी से पिघलने को देखते हुए इस वर्ष राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता को दो अलग-अलग स्लोप पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके बावजूद खेलों के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। औली में 12 से 16 फरवरी तक विंटर कॉर्निवाल के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल ने जानकारी दी कि मौसम में हो रहे बदलाव के कारण नंदा देवी स्लोप पर बर्फ की स्थिति अनुकूल नहीं है। ऐसे में खिलाड़ियों की सुरक्षा और प्रतियोगिता की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए मुकाबले दो अलग-अलग स्लोप पर कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देना और औली को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विंटर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करना है।

प्रतियोगिता में देशभर से स्कीयर प्रतिभाग करेंगे, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विंटर कॉर्निवाल का आयोजन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की ओर से किया जाएगा, जिसमें पर्यटकों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय व्यंजन, एडवेंचर एक्टिविटी और विभिन्न आकर्षण रखे जाएंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आयोजन विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड की देखरेख में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं और मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। बता दे कि औली देश के प्रमुख स्कीइंग स्थलों में से एक है और हर वर्ष यहां होने वाले विंटर कॉर्निवाल से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। इस बार बर्फ की स्थिति चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन आयोजन समिति का दावा है कि प्रतियोगिता पूरी तरह सफल और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

औली में मौसम के बदलाव के चलते बर्फ तेजी से पिघल रही है, जिसको देखते हुए आयोजकों ने राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर अहम निर्णय लिया है। खिलाड़ियों की सुरक्षा और प्रतियोगिता की गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से इस बार स्कीइंग की विभिन्न प्रतियोगिताएं अलग-अलग स्लोप पर आयोजित की जाएंगी। आयोजकों के अनुसार, नंदा देवी स्लोप के आठ नंबर टावर के शुरुआती प्वाइंट से स्की माउंटेनियरिंग और स्नो बोर्ड प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वहीं दस नंबर टावर के ऊपर से टी-लाइन के माध्यम से एल्पाइन स्कीइंग की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। स्लोप के जिन हिस्सों में बर्फ की मात्रा कम हो गई है, वहां अन्य स्थानों से बर्फ लाकर स्लोप को तैयार किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर ट्रैक उपलब्ध कराया जा सके। विंटर गेम्स फेडरेशन से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए लगातार स्लोप की निगरानी की जा रही है और तकनीकी टीम दिन-रात तैयारियों में जुटी हुई है।

मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि प्रतियोगिता सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को आकर्षक नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाली टीम को 41 हजार रुपये और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीम को 31 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही पूरी प्रतियोगिता के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को विशेष ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।औली देश के प्रमुख विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन में शामिल है और यहां आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देती हैं। बदलते मौसम के बावजूद आयोजकों का दावा है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और प्रतियोगिता उच्च स्तर पर आयोजित की जाएगी।

 

 

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top