Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में होगा राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, सीएस आनंद बर्द्धन ने शुरू की तैयारियां..

उत्तराखंड में होगा राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, सीएस आनंद बर्द्धन ने शुरू की तैयारियां..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर फिल्म महोत्सव आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस दिशा में सरकार ने कदम बढ़ाते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय को केंद्र सरकार के सहयोग से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को डॉ. नितिन उपाध्याय ने मुख्य सचिव से मुलाकात कर परिषद की गतिविधियों और अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य में फिल्म निर्माण से जुड़े इको सिस्टम को और मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े पेशेवरों और कलाकारों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में कम लागत वाले सिनेमा हॉल स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए, ताकि वहां के लोगों को भी मनोरंजन और संस्कृति से जुड़ने के अधिक अवसर मिल सकें। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों को मंच देने और रोजगार सृजन की दिशा में भी ठोस पहल करने की जरूरत है। फिल्म विकास परिषद का मानना है कि उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है, ऐसे में यदि राज्य में नियमित रूप से फिल्म महोत्सव आयोजित किए जाएं, तो न केवल यहां के फिल्म उद्योग को नई पहचान मिलेगी, बल्कि पर्यटन और रोजगार को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।

गुरुवार को उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से भेंट कर राज्य की फिल्म नीति के क्रियान्वयन और अब तक की उपलब्धियों की जानकारी दी। डॉ. उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण के लिए अनुमति प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम पहले से संचालित है। इस व्यवस्था के चलते फिल्मकारों को बिना किसी जटिल प्रक्रिया के त्वरित मंजूरी मिल रही है, जिससे राज्य देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले एक वर्ष में प्रदेश में लगभग 30 क्षेत्रीय फिल्मों का निर्माण हुआ है या निर्माणाधीन है। इसके साथ ही कई बड़े बैनर और उच्च बजट की हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग भी उत्तराखंड में की जा रही है। राज्य सरकार का मानना है कि फिल्म निर्माण से न केवल उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान मिल रही है, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्थानीय कलाकारों को मंच भी उपलब्ध हो रहा है। साथ ही, फिल्म गतिविधियों से प्रदेश के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top