Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल..

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल..

6 IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, कई के विभाग बदले..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत कुछ अधिकारियों से अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है, जबकि कुछ अफसरों को नए विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को बिना देरी किए नई तैनाती वाले पदों पर कार्यभार संभालने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव में पंचायती राज, शहरी विकास, अल्पसंख्यक कल्याण और अन्य विभागों से जुड़े दायित्वों में संशोधन किया गया है। इसके तहत नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है, जबकि उमेश नारायण को इस विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस
प्रशासनिक फेरबदल के तहत सचिव शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा के कार्यभार में कटौती की गई है। अब उन्हें पंचायती राज विभाग के सचिव पद से मुक्त कर दिया गया है। उनके पास अब सचिव शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।

उमेश नारायण को मिला पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार
सचिव पुनर्गठन एवं भाषा विभाग के साथ उत्तराखंड सामाजिक अंकेक्षण, जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण के निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे उमेश नारायण को नया दायित्व दिया गया है। शासन ने उन्हें सचिव पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। इस बदलाव के बाद उनके विभागीय कार्यभार में इजाफा हुआ है।

विनीत कुमार को अल्पसंख्यक कल्याण की अतिरिक्त जिम्मेदारी
आईएएस अधिकारी विनीत कुमार को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। वर्तमान में वह अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग का काम देख रहे हैं। अब उन्हें निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

दीप्ति सिंह से हटाया गया अतिरिक्त प्रभार
इस फेरबदल में आईएएस अधिकारी दीप्ति सिंह की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। अब तक वह निदेशक खेल एवं युवा कल्याण के साथ निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का दायित्व संभाल रही थीं। शासन ने उनसे अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निदेशक और निगम के प्रबंध निदेशक का प्रभार वापस ले लिया है। अब उनके पास खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।

तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को पुराने पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले विभागों में तत्काल कार्यभार संभालना होगा। अपर सचिव नवनीत पांडे ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। साथ ही अधिकारियों को वर्तमान पदभार से अवमुक्त होने और नई जिम्मेदारी ग्रहण करने के बाद इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस फेरबदल को राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में जिम्मेदारियों के नए बंटवारे के तौर पर देखा जा रहा है।

To Top