उत्तराखंड

देहरादून में सनसनीखेज वारदात, घर में घुसकर अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या..

देहरादून में सनसनीखेज वारदात, घर में घुसकर अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या..

 

 

 

उत्तराखंड: देहरादून में अपराध की एक और बड़ी घटना सामने आई है। राजधानी के शिमला बायपास रोड स्थित बुड्ढी गांव में देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोहेल के रूप में हुई है, जो पेशे से अधिवक्ता बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना देर रात की है, जब साहिल अपने घर में मौजूद था। बताया जा रहा है कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से उसके घर के आसपास पहुंचे और मौका मिलते ही उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप..

राजधानी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस हत्या ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए और वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस को उम्मीद है कि घटनास्थल से मिले सुराग आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वारदात के समय क्षेत्र में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच टीम विभिन्न तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

पुलिस इस मामले को पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या किसी पूर्व नियोजित साजिश के कोण से भी देख रही है। जांच अधिकारी मृतक के सामाजिक, पेशेवर और व्यक्तिगत संबंधों की जानकारी जुटा रहे हैं। साथ ही हाल के दिनों में उसके संपर्क में आए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पको बता दे कि राजधानी में यह दूसरी बड़ी आपराधिक घटना है। इससे पहले बैरागीवाला क्षेत्र में भाजपा नेता विनोद की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ विभिन्न स्रोतों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल युवक की हत्या से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वजह और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top