Uttarakhand DIPR
उत्तराखंड

बर्फबारी के बाद पुनर्निर्माण कार्य छोड़कर भागे लोनिवि के मजदूर

केदारनाथ धाम में जमी है ढ़ाई फीट से अधिक बर्फ़

लोनिवि को सौंपा गया है मंदिर के रास्ते को चौड़ा करने का कार्य
रुद्रप्रयाग। इस बार केदारनाथ में जमकर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के कारण केदारनाथ आने-जाने वाले सभी रास्ते बंद हो गये हैं। जिस कारण केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। स्थिति यह है कि लोनिवि के मजदूरों ने हाथ खड़े कर दिये हैं और धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को छोड़कर वापस आ गये हैं।
दरअसल, बीते दिनों केदारनाथ में जमकर बर्फबारी हुई है। लगातार दो दिनों तक हुई बर्फबारी के बाद पूरी केदारपुरी में ढाई से तीन फीट तक बर्फ जमी हुई है। जिस कारण केदारनाथ में चल रहे सभी प्रकार के पुनर्निर्माण कार्य ठप पड़ गये हैं। केदारनाथ आने जाने वाले सभी पैदल मार्ग भी बर्फबारी के बाद बंद हो गये हैं। हालांकि निम के मजदूरों ने रास्तों से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन लोनिवि के मजदूरों ने हाथ खड़े कर दिये हैं। लोनिवि के मजदूर केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को छोड़कर वापस आ गये हैं।
लोनिवि को मंदिर के आगे का रास्ता चौड़ा करने का जिम्मा सौंपा गया है और इस कार्य को किसी भी हाल में इसी यात्रा सीजन में पूरा होना है, लेकिन बर्फबारी के बाद लोनिवि के मजदूर कार्य करने की हालत में नहीं हैं।  इधर, आपदा के बाद से केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य कर रहे निम के मजदूर आज भी कार्य करने में जुटे हुये हैं। निम के मजदूरों ने केदारनाथ में बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया हैं। हालांकि अत्यधिक ठंड पड़ने से सीमेंट से होने वाले कार्य बंद हो गये हैं। निम के इंचार्ज देवेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि बर्फबारी के बाद कुछ दिक्कतें बढ़ी हैं, लेकिन फिर भी कार्य किये जा रहे हैं। रास्तों के साथ ही अन्य जगहों से बर्फ हटाई जा रही है।
वहीं जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि कारीगर बर्फबारी के बाद नीचे आये हैं। मजदूर वहीं हैं और कार्य चल रहा है। हो सकता है कि कुछ मजदूर अत्यधिक बर्फबारी होने के बाद नीचे आये हो। मजदूरों को ऊपर भेजा जायेगा।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top