रुद्रप्रयाग ने फिर बढ़ाया मान, कायाकल्प योजना में जिला अस्पताल को मिला पहला स्थान..
उत्तराखंड: स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अस्पतालों में स्वच्छता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के मामले में रुद्रप्रयाग जिले ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कायाकल्प योजना 2025-26 के तहत जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग को जिला अस्पताल श्रेणी में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान मिला है। इसके साथ ही जिले की दो अन्य स्वास्थ्य इकाइयों ने भी अपनी-अपनी श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रणधार को सर्वश्रेष्ठ पीएचसी की श्रेणी में प्रथम स्थान मिला है, जबकि आयुष्मान आरोग्य मंदिर खांखरा ने सर्वश्रेष्ठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर की श्रेणी में बाजी मारी है। स्वास्थ्य विभाग ने इस उपलब्धि को जिले के चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम बताया है।
स्वच्छता से लेकर मरीजों की सुविधाओं तक हुआ मूल्यांकन
कायाकल्प योजना के तहत सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों का विभिन्न मानकों पर निरीक्षण और मूल्यांकन किया जाता है। इसमें केवल अस्पताल की साफ-सफाई ही नहीं, बल्कि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और अस्पताल की पूरी कार्यप्रणाली को भी जांचा जाता है। मूल्यांकन के दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई की व्यवस्था और भवन का रखरखाव जैसे बिंदुओं को देखा जाता है। इसके अलावा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाएं, सपोर्ट सर्विसेज, हाइजीन प्रमोशन, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और संस्थागत प्रबंधन जैसे मानक भी मूल्यांकन का हिस्सा होते हैं। इन सभी क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग को जिला अस्पताल श्रेणी में प्रदेश में पहला स्थान हासिल हुआ है।
2022 में भी राज्य में रहा था अव्वल
जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले वर्ष 2022 में भी अस्पताल कायाकल्प योजना के तहत राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। अस्पताल की इस सफलता पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी और पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष ने खुशी जताई। उन्होंने अस्पताल की पूरी टीम को उपलब्धि के लिए बधाई दी। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर सेवाएं देने और उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता बढ़ाने का काम आगे भी लगातार जारी रहेगा। कायाकल्प योजना के जिला स्तरीय मूल्यांकन में भी रुद्रप्रयाग की स्वास्थ्य इकाइयों ने शानदार प्रदर्शन किया है। बेस्ट पीएचसी श्रेणी में जखोली विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रणधार को जिले में पहला स्थान मिला है। वहीं, पीएचसी तिलवाड़ा और पीएचसी बसुकेदार को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए कमेंडेशन अवार्ड प्रदान किया गया है।
खांखरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी प्रथम
सर्वश्रेष्ठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर की श्रेणी में भी रुद्रप्रयाग जिले ने सफलता हासिल की। इस वर्ग में आयुष्मान आरोग्य मंदिर खांखरा ने पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि आयुष्मान आरोग्य मंदिर जवाड़ी को प्रथम रनर अप चुना गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी विजेता संस्थानों की टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके द्विवेदी ने कहा कि कायाकल्प योजना में मिली यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य विभाग की टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए काम जारी रखने की अपील की। विभाग का कहना है कि आने वाले समय में स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने तथा मरीजों को बेहतर अनुभव देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।