खेल

महिला एशिया कप 2026- भारत ने जीत से खोला खाता, थाईलैंड को 94 रन से हराया..

महिला एशिया कप 2026- भारत ने जीत से खोला खाता, थाईलैंड को 94 रन से हराया..

 

 

देश-विदेश: महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड को 94 रनों के बड़े अंतर से मात दी। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम 16.1 ओवर में 65 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की जीत की नींव सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने रखी। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 36 गेंदों पर 64 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। शेफाली का स्ट्राइक रेट 177.77 रहा। उन्होंने 26 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। शुरुआती ओवरों में उनके तेज प्रहारों ने भारतीय टीम को मजबूत स्कोर की ओर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मंधाना और रावल ने भी दिया योगदान
भारत की पारी की शुरुआत शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने की। मंधाना ने तेजी से 19 रन जोड़े, लेकिन 10 गेंदों में 4 चौके लगाने के बाद रन आउट होकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद प्रतिका रावल ने 18 गेंदों पर 22 रन बनाए। उनकी पारी में 2 चौके और एक छक्का शामिल रहा। हालांकि, वह सुलीपोर्न लाओमी की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठीं। कप्तान हरमनप्रीत कौर इस मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और 5 रन बनाकर लाओमी का शिकार बनीं। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष भी खाता नहीं खोल पाईं। भारत की ओर से भारतीय फूलमाली ने 20 रन बनाए, जबकि क्रांति गौड़ ने 15 रनों का योगदान दिया। दीप्ति शर्मा ने अपने 150वें अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 5 रन बनाए।

थाईलैंड के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट हासिल कर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। थाईलैंड की पूरी टीम 65 रन पर सिमट गई। थाईलैंड की ओर से नन्नापत कोंचारोएनकाई ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए और अकेले संघर्ष करती नजर आईं। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 6 रन से अधिक नहीं बना सका। भारत की गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाजों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। श्री चरणी को 2 सफलताएं मिलीं, जबकि क्रांति गौड़ ने एक विकेट हासिल किया। थाईलैंड की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह दबाव में दिखाई दी और टीम 16.1 ओवर में ही ऑलआउट हो गई।

थाईलैंड की ओर से सुलीपोर्न लाओमी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने भारत के तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। लाओमी ने शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल और ऋचा घोष को पवेलियन भेजा। इसके अलावा कप्तान थिपात्चा पुत्थावोंग ने एक विकेट लिया, जबकि सुनीदा चतुरोंगरताना को दो सफलताएं मिलीं। भारत ने इस शानदार जीत के साथ महिला एशिया कप 2026 में अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की है। शेफाली वर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन ने टीम इंडिया को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

 

 

 

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

To Top